मुंबई: आइकॉन स्टार अल्लू अर्जुन देश के सबसे बड़े पैन-इंडिया सुपरस्टार्स में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं। अपनी शानदार एक्टिंग, अलग अंदाज़ और जबरदस्त करिश्मे के दम पर उन्होंने न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर में करोड़ों प्रशंसक जुटाए हैं। अब उनकी मेगा ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ जापान में धमाकेदार एंट्री के लिए तैयार है।
16 जनवरी को ‘पुष्पा कुनरिन’ नाम से होगी रिलीज
बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई करने वाली यह फिल्म जापान में ‘पुष्पा कुनरिन’ नाम से 16 जनवरी को रिलीज की जाएगी। रिलीज से पहले अल्लू अर्जुन टोक्यो पहुंचे, जहां उनके साथ पत्नी अल्लू स्नेहा रेड्डी, बेटे अल्लू अयान और बेटी अल्लू अरहा भी मौजूद रहे।
जापानी फैंस ने किया जोरदार स्वागत
टोक्यो पहुंचते ही अल्लू अर्जुन का जापानी प्रशंसकों ने जबरदस्त स्वागत किया। बड़ी संख्या में फैंस फिल्म के पोस्टर और फूलों के गुलदस्ते लेकर पहुंचे। अल्लू अर्जुन ने भी बेहद गर्मजोशी से फैंस से मुलाकात की और उनके प्यार का दिल से जवाब दिया। इस खास पल का वीडियो फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
250 स्क्रीनों पर होगी भव्य रिलीज
गीक पिक्चर्स और शोचिकु डिस्ट्रीब्यूटर्स ने मिथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स के साथ मिलकर फिल्म को जापान में रिलीज करने की जिम्मेदारी संभाली है। ‘पुष्पा 2: द रूल’ जापान में करीब 250 स्क्रीनों पर बड़े स्तर पर रिलीज की जाएगी। मेकर्स को पूरा भरोसा है कि जापानी दर्शकों के बीच यह फिल्म भी बड़ा धमाका करेगी।
रिकॉर्डतोड़ कमाई और आने वाले प्रोजेक्ट्स
‘पुष्पा 2: द रूल’ ने बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान रचे हैं। फिल्म ने हिंदी वर्जन में करीब 800 करोड़ रुपये और दुनियाभर में लगभग 1800 करोड़ रुपये की कमाई की है। आने वाले समय में अल्लू अर्जुन मशहूर निर्देशक एटली के साथ एक नई एक्शन-थ्रिलर फिल्म में नजर आएंगे, जिसका वर्किंग टाइटल AA22XA6 है। इस फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी।











Total Users : 291255
Total views : 493513