September 21, 2026 2:12 pm

September 21, 2026 2:12 pm

सुरक्षा कर्मचारी के बेटे हर्षदीप सिंह ने जीता नेशनल गोल्ड, केवी हाई ग्राउंड्स का नाम किया रोशन

55वीं के.वि.सं. राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में हैमर थ्रो अंडर-19 बॉयज वर्ग में हासिल किया प्रथम स्थान
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़

चंडीगढ़, 21 सितंबर। केन्द्रीय विद्यालय हाई ग्राउंड्स, चंडीगढ़ के कक्षा 10-B के छात्र हर्षदीप सिंह ने 55वीं के.वि.सं. राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए हैमर थ्रो अंडर-19 बॉयज वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है। हर्षदीप की इस उपलब्धि से केन्द्रीय विद्यालय हाई ग्राउंड्स के साथ-साथ चंडीगढ़ संभाग का नाम भी रोशन हुआ है।
10 से 14 सितंबर 2026 तक केरल के केवीएस एर्नाकुलम रीजन में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर से केन्द्रीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चंडीगढ़ संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए हर्षदीप सिंह ने हैमर थ्रो अंडर-19 बॉयज स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

मेहनत और लगन से हासिल की बड़ी उपलब्धि
हर्षदीप की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उसके परिवार की आर्थिक पृष्ठभूमि सामान्य है। उसके पिता जगजीत सिंह जीएमसीएच-32, चंडीगढ़ में एक निजी एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद हर्षदीप ने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर यह मुकाम हासिल किया है।
हर्षदीप की जीत पर पिता जगजीत सिंह ने खुशी और गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे की उपलब्धि पूरे परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि हर्षदीप की सफलता मेहनत करने वाले परिवारों के बच्चों के लिए भी प्रेरणा है।

विद्यालय में खुशी का माहौल
हर्षदीप के राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने से केन्द्रीय विद्यालय हाई ग्राउंड्स में भी खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने हर्षदीप को उसकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि हर्षदीप आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 5 9 7
Total Users : 417597
Total views : 669049

शहर चुनें