October 13, 2026 3:14 pm

October 13, 2026 3:14 pm

गुरुग्राम: STF करनाल की बड़ी कार्रवाई रोहित गोदारा–गोल्डी बराड़ गिरोह के 4 शार्प शूटर गिरफ्तार, विदेशी पिस्टल बरामद

गुरुग्राम, 15 जनवरी 2026: हरियाणा में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) करनाल को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कुख्यात रोहित गोदारा–गोल्डी बराड़ गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चार विदेशी निर्मित पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

बुलेटप्रूफ वाहन में घूम रहे थे आरोपी
एसटीएफ करनाल ने पहले चरण में करनाल क्षेत्र से रमन और लोकेश (निवासी ग्राम मुंदड़ी, जिला कैथल) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी बुलेटप्रूफ वाहन में संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़े गए। इसके बाद 14 जनवरी 2026 को इसी मामले में वांछित आरोपी बलराज उर्फ बलराम और रविंदर सिंह उर्फ रवि को थाना पुंडरी, जिला कैथल के क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क से भी जुड़े रहे
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े नेटवर्क के लिए भी काम कर चुके हैं। एसटीएफ की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी अमेरिका में रहते हुए गंभीर संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे।

अमेरिका में गैंगवार में भूमिका
एसटीएफ के अनुसार, 23 दिसंबर 2024 को स्टॉकटन (कैलिफोर्निया) में गैंगस्टर सुनील यादव उर्फ गोलिया की हत्या में आरोपियों की भूमिका सामने आई है, जिसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर ली गई थी। इसके अलावा 18 अक्टूबर 2025 को फ्रेज़नो, कैलिफोर्निया में कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर पर हुए जानलेवा हमले की साजिश में भी आरोपी शामिल थे। इस हमले में बनवारी गोदारा की मौके पर ही मौत हो गई थी।

विदेश से चलाते थे जबरन वसूली का रैकेट
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेश से बैठकर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में जबरन वसूली का संगठित रैकेट चला रहे थे। रंगदारी न देने पर फायरिंग और धमकी जैसी वारदातों को अंजाम दिया जाता था।

इंटरपोल और अमेरिकी एजेंसियों से होगा समन्वय
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ द्वारा इंटरपोल और अमेरिका की संबंधित एजेंसियों को औपचारिक सूचना दी जाएगी, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय कर नेटवर्क की पूरी कड़ी को तोड़ा जा सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 5 7 6
Total Users : 429576
Total views : 684957

शहर चुनें