October 11, 2026 8:15 am

October 11, 2026 8:15 am

फरीदाबाद में कांग्रेस नेता महेंद्र प्रताप सिंह के घर ईडी की रेड, धक्का-मुक्की के आरोप

फरीदाबाद, 15 जनवरी। हरियाणा के फरीदाबाद में कांग्रेस की पूर्व सरकार में दो बार कैबिनेट मंत्री रह चुके चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह के निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने गुरुवार सुबह छापेमारी की। इस दौरान सीआरपीएफ जवानों पर उनके बेटे विवेक प्रताप के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप भी सामने आए हैं।

सुबह 6 बजे शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
सूत्रों के अनुसार, सैनिक कॉलोनी स्थित महेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर सुबह करीब 6 बजे ईडी की 17 सदस्यीय टीम चार गाड़ियों में पहुंची। टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद थे। ईडी ने घर के अंदर सर्च अभियान चलाया, जबकि सीआरपीएफ ने गेट बंद कर किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे।
ईडी की कार्रवाई की सूचना मिलते ही महेंद्र प्रताप सिंह और उनके बेटे विवेक प्रताप के समर्थक उनके आवास के बाहर जमा होने लगे।
करण दलाल ने कार्रवाई को बताया राजनीतिक बदले की भावना
ईडी रेड की जानकारी मिलने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री करण दलाल भी महेंद्र प्रताप सिंह से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। पहले उन्हें स्थानीय पुलिस ने अंदर जाने से रोका, हालांकि कुछ समय बाद प्रवेश की अनुमति दे दी गई।
मीडिया से बातचीत में करण दलाल ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह ने बीजेपी प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर को कड़ी टक्कर दी थी, जिससे भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इस तरह की कार्रवाइयों से समाज में भाईचारा बिगाड़ने का काम कर रही है।
उल्लेखनीय है कि महेंद्र प्रताप सिंह के बेटे विजय प्रताप बडखल विधानसभा सीट से 2019 और 2024 में चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली।

सीआरपीएफ पर धक्का-मुक्की का आरोप
इस दौरान जब विवेक प्रताप घर के गेट से बाहर आए तो आरोप है कि सीआरपीएफ जवानों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें मीडिया से बात करने से रोकने की कोशिश की। बावजूद इसके विवेक प्रताप ने मीडिया से कहा कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक दबाव और बदले की भावना के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि “जो जैसा करता है, उसे आगे वैसा ही भुगतना पड़ता है।”
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 4 6
Total Users : 428246
Total views : 683172

शहर चुनें