June 15, 2026 2:26 pm

June 15, 2026 2:26 pm

घर से नाराज़ होकर लखनऊ पहुंची 15 वर्षीय किशोरी, पंचकूला पुलिस ने 72 घंटे में ढूंढकर परिजनों से मिलवाया

पंचकूला, 19 जनवरी 2026: पंचकूला जिला पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घर से बिना बताए निकली 15 वर्षीय किशोरी को महज 72 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिलवा दिया।
जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी को पंचकूला जिले की रहने वाली किशोरी अपनी मां से नाराज़ होकर घर से निकल गई और लखनऊ चली गई। परिजनों ने रिश्तेदारों व संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने सेक्टर-21 पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी।
परिजनों की शिकायत पर 16 जनवरी को थाना स्तर पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-21 चौकी इंचार्ज दीदार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और संभावित ठिकानों की जांच शुरू की, जिसके दौरान 17 जनवरी को किशोरी के लखनऊ में होने की पुष्टि हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम लखनऊ रवाना हुई और किशोरी को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर पंचकूला वापस लाई। पंचकूला पहुंचने पर किशोरी का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 18 जनवरी को किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
किशोरी की सुरक्षित वापसी पर परिजनों ने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनके मानवीय और त्वरित प्रयासों की सराहना की।
इस संबंध में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कहा,
“पंचकूला पुलिस बच्चों और किशोरों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गुमशुदगी के मामलों में समय पर सूचना देना बेहद आवश्यक है, ताकि पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सके। अभिभावकों से भी अपील है कि वे बच्चों से संवाद बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।”

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 6 4
Total Users : 344064
Total views : 569439

शहर चुनें