August 5, 2026 5:27 am

August 5, 2026 5:27 am

HARYANA NEWS: ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, विदेश से लौटते ही ACB ने दबोचा

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 14 जून। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), हरियाणा ने परिवहन विभाग में कथित भ्रष्टाचार और ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली के बहुचर्चित मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब चार वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश में रह रहा था।

क्या था मामला-
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस संबंध में एफआईआर संख्या 12 दिनांक 08 अक्टूबर 2022 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी के तहत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि परिवहन विभाग के कुछ अधिकारी, कर्मचारी और उनके दलाल ओवरलोड वाहनों को बिना चालान गुजरने देने के बदले ट्रांसपोर्टरों से नियमित रूप से मासिक रिश्वत वसूलते थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने 08 अक्टूबर 2022 को ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित गर्ग को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि परिवहन विभाग से जुड़े कुछ अधिकारी, कर्मचारी और दलाल संगठित नेटवर्क बनाकर हरियाणा सहित अन्य राज्यों के वाहनों से अवैध वसूली कर रहे थे तथा इसके बदले ओवरलोड वाहनों को बिना कार्रवाई अपने क्षेत्रों से गुजरने देते थे।
जांच में अंकित गर्ग, नीरज गुलाटी, मानिक उर्फ लवली, सन्दीप उर्फ सोनू, सुनील कुमार व सुभाष चन्द्र एच.सी.एस. रमित यादव एच.सी.एस. निरीक्षक जसमेर उप निरीक्षक दर्शन सिंह, रणजीत सिंह ड्राईवर समेत कई व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे और नियंत्रण से लगभग 85.15 लाख रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद की गई थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर एसीबी ने 06 दिसंबर 2022 को न्यायालय में चालान प्रस्तुत कर दिया था।

एसीबी के अनुसार, संदीप के खिलाफ आरोप है कि उसने आरटीए विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से ओवरलोड वाहनों को चालान से बचाने के लिए 50 हजार रुपये प्रतिमाह रिश्वत की मांग की थी तथा 20 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त किए थे। मामले में नामजद होने के बाद वह विदेश चला गया था। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था।
भारत लौटने पर एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय, यमुनानगर में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान उससे अवैध वसूली नेटवर्क, रिश्वत के लेन-देन तथा मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 8 2 5 6 3
Total Users : 382563
Total views : 621945

शहर चुनें