June 15, 2026 2:51 pm

June 15, 2026 2:51 pm

अनिंदिता मित्रा ने पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में पदभार संभाला

चंडीगढ़, 19 जनवरी। अनिंदिता मित्रा ने सोमवार को पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे पंजाब सरकार में स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा तथा भाषा विभाग में प्रशासनिक सचिव के रूप में सेवाएं दे रही थीं।
वर्ष 2007 बैच की आईएएस अधिकारी अनिंदिता मित्रा को प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव प्राप्त है। शासन के संस्थागत कार्यकलापों की गहरी समझ के साथ उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदार पदों पर कार्य किया है।
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में पदभार संभालने के बाद अनिंदिता मित्रा ने कहा कि उनके लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि उन्हें पंजाब जैसे महत्वपूर्ण राज्य में एक संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक संस्था का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों में भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के संशोधन एवं समावेशन की प्रक्रिया को निरंतर सुदृढ़ करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, पंजाब लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा मतदाता पंजीकरण से लेकर मतदान के दिन तक पूरी चुनाव प्रक्रिया में मतदाता-केंद्रित दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी जाएगी।
अनिंदिता मित्रा ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित उच्चतम मानकों और दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही कार्यालय द्वारा सुलभता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पूरे राज्य में पारदर्शिता बढ़ाने, मतदाता सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कुशल चुनाव प्रबंधन और संचालन सुनिश्चित करने में प्रौद्योगिकी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 7 1
Total Users : 344071
Total views : 569449

शहर चुनें