April 5, 2026 10:40 pm

April 5, 2026 10:40 pm

चंडीगढ़ में बसंत पंचमी की धूम, मां सरस्वती की पूजा को लेकर शहर भक्तिमय

चंडीगढ़: बसंत पंचमी नजदीक आते ही चंडीगढ़ में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बन गया है। 23 जनवरी को विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसे लेकर शहर के गली-मोहल्लों, घरों, शिक्षण संस्थानों और मंदिरों में तैयारियां जोरों पर हैं। कहीं पंडाल सजाए जा रहे हैं तो कहीं घरों में मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी चल रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रतिमाएं पहुंचने लगी हैं और सोसायटियों व मोहल्लों में सामूहिक पूजा की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बसंत पंचमी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

बाजारों में बसंत की रौनक
बसंत पंचमी के चलते शहर के बाजारों में भी रौनक लौट आई है। पूजा सामग्री और सजावट के सामान की जमकर खरीदारी हो रही है। फूल-मालाएं, पीले वस्त्र, कलश, अगरबत्ती और सजावटी सामान से दुकानें सजी हुई हैं। दुकानदारों के अनुसार हर साल की तरह इस बार भी बसंत पंचमी से पहले बाजारों में अच्छी चहल-पहल है और बिक्री में इजाफा हुआ है।

मूर्तिकारों के यहां दिन-रात मेहनत
मां सरस्वती की प्रतिमाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए मूर्तिकार भी अंतिम तैयारियों में जुटे हैं। सेक्टर-47 स्थित कालीबाड़ी और बैकुंठ धाम के आसपास बंगाल के कारीगर पिछले दो महीनों से प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। इस बार करीब 200 से अधिक प्रतिमाएं बनाई जा रही हैं, जिनकी कीमत 700 रुपये से लेकर 5 हजार रुपये तक रखी गई है।

क्या कहते हैं मूर्तिकार
कालीबाड़ी से जुड़े मूर्तिकार शुभाशीष अधिकारी ने बताया कि इस बार कमल के फूल की पृष्ठभूमि वाली प्रतिमाओं की सबसे अधिक मांग है। कुछ प्रतिमाओं में शंख और अन्य फूलों की आकृतियां भी उकेरी गई हैं। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी तक सभी प्रतिमाएं अपने-अपने पूजा स्थलों पर पहुंचा दी जाएंगी। इनमें से कुछ प्रतिमाएं श्रीनगर और हिमाचल प्रदेश के कुल्लू भी भेजी जा रही हैं।

कालीबाड़ी में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
शहर के प्रसिद्ध कालीबाड़ी मंदिर में बसंत पंचमी पर विशेष पूजा का आयोजन होगा। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां सरस्वती के दर्शन और पूजा के लिए यहां पहुंचेंगे।

बैकुंठ धाम में भी तैयारियां पूरी
बैकुंठ धाम परिसर में भी बसंत पंचमी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यहां करीब 100 प्रतिमाएं बनाई जा रही हैं, जिनकी ऊंचाई डेढ़ फीट से लेकर आठ फीट तक है। मूर्तिकार सुभाष अधिकारी के अनुसार प्रतिमाओं की सजावट के लिए खास सामग्री कोलकाता से मंगाई गई है, जिससे मूर्तियां और अधिक आकर्षक बन सकें।
बसंत पंचमी को लेकर चंडीगढ़ ही नहीं, आसपास के इलाकों में भी भक्तिमय माहौल बना हुआ है। हर ओर पीले रंग की छटा, पूजा की तैयारियां और मां सरस्वती की आराधना की झलक दिखाई दे रही है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 2 6
Total Users : 291326
Total views : 493620

शहर चुनें