April 5, 2026 1:20 pm

April 5, 2026 1:20 pm

डोडा हादसा: सेना की गाड़ी खाई में गिरी, 10 जवान शहीद; झज्जर के लाल मोहित ने दी मातृभूमि के लिए शहादत

झज्जर: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सेना की एक गाड़ी फिसलकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हादसे में शहीद जवानों में हरियाणा के झज्जर जिले के गांव गिजाड़ोध निवासी जवान मोहित भी शामिल हैं। शहादत की खबर मिलते ही परिजनों और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

एक साल पहले हुई थी मोहित की शादी, गांव में पसरा मातम
शहीद मोहित करीब पांच साल पहले भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। परिजनों के अनुसार, उनकी शादी लगभग एक साल पहले ही हुई थी। अचानक आई इस दुखद खबर से पूरा गांव गमगीन है।
सेना सूत्रों के मुताबिक, शहीद मोहित का पार्थिव शरीर आज शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ गांव लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से भी शहीद को अंतिम विदाई देने की तैयारियां की जा रही हैं।

बर्फीली सड़क बनी हादसे की वजह
डोडा के डिप्टी कमिश्नर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क पर जमी बर्फ के कारण वाहन चालक संतुलन खो बैठा, जिससे यह भीषण दुर्घटना हो गई।
वहीं, सेना अधिकारियों ने बताया कि वाहन में कुल 21 जवान सवार थे, जो डोडा से ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे। भद्रवाह-चंबा रोड पहाड़ी इलाका होने के कारण बेहद संकरी और जोखिम भरी है। बर्फबारी के बाद इस मार्ग पर हादसों की आशंका और बढ़ जाती है।

सीएम नायब सैनी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने जताया शोक
हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा,
“जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस हादसे में मातृभूमि की सेवा करते हुए 10 वीर जवानों की शहादत से मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।”
गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 1 4 9
Total Users : 291149
Total views : 493331

शहर चुनें