September 24, 2026 8:17 am

September 24, 2026 8:17 am

गणतंत्र दिवस को लेकर पंचकूला में हाई अलर्ट, डॉग स्क्वॉड–स्वैट टीमों के साथ सख्त सुरक्षा व्यवस्था

पंचकूला, 24 जनवरी 2026: देश के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पंचकूला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए जिले में व्यापक स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी को इसी परेड ग्राउंड में माननीय राज्यपाल ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।

डॉग स्क्वॉड के साथ सघन तलाशी अभियान
सुरक्षा के मद्देनज़र बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, व्यस्त बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में डॉग स्क्वॉड की मदद से लगातार सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही होटलों, सराय और धर्मशालाओं में ठहरने वाले व्यक्तियों की पहचान और रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।

34 नाके, 300 से अधिक पुलिसकर्मी और स्वैट टीमें तैनात
जिले की सीमाओं और आंतरिक मार्गों पर 34 विशेष नाके लगाए गए हैं, जहां संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 300 से अधिक पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। इनके सहयोग के लिए 4 स्वैट कमांडो टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं। इसके अलावा 11 पीसीआर, 19 ईआरवी और 25 राइडर लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस कमिश्नर का नागरिकों को आश्वासन

पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने जिलावासियों को आश्वस्त करते हुए कहा,
“गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। तकनीकी निगरानी के साथ-साथ पुलिस बल जमीन पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात है। नागरिक निर्भय होकर समारोह में भाग लें, पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।”

आमजन से विशेष अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। यदि किसी को कोई लावारिस वस्तु—जैसे बैग, टिफिन या अन्य संदिग्ध सामग्री—दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल न छुएं। इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने या हरियाणा डायल-112 पर दें। पुलिस ने कहा कि सतर्कता ही सुरक्षा की पहली कड़ी है, और जनसहयोग से ही सुरक्षित गणतंत्र दिवस समारोह सुनिश्चित किया जा सकता है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 9 1 9
Total Users : 418919
Total views : 670773

शहर चुनें