August 28, 2026 8:56 am

August 28, 2026 8:56 am

हिसार में दर्दनाक हादसा: फर्नीचर फैक्ट्री में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत, दो की हालत गंभीर

हिसार, 27 जनवरी: हरियाणा के हिसार जिले के सीमावर्ती गांव ढंढूर में मंगलवार  को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। गांव स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री के कमरे में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठंड से बचने के लिए कमरे के अंदर लोहे की बाल्टी में आग जलाकर दरवाजा बंद कर लिया गया था, जिससे जहरीली गैस बन गई और यह हादसा हो गया।

एक कमरे में सो रहे थे पांच मजदूर

मृतकों की पहचान अनुज, अमरजीत और साहिल के रूप में हुई है। अनुज और अमरजीत उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, जबकि साहिल अंबेडकर नगर जिले का निवासी बताया गया है। सभी मजदूर कुछ दिन पहले ही ढंढूर गांव की इस फर्नीचर फैक्ट्री में काम करने आए थे।

गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने के कारण सोमवार को फैक्ट्री में कोई काम नहीं था। इसी वजह से पांचों मजदूर एक ही कमरे में सो रहे थे।

दोपहर तक कोई हलचल नहीं हुई तो खुला राज

फैक्ट्री के पास बने क्वार्टर में रहने वाले आशुतोष ने बताया कि दोपहर तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं दिखाई दी, तो उन्हें शक हुआ।

उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर का नज़ारा देख सन्न रह गए। कमरे में पांचों मजदूर बेसुध हालत में पड़े थे।

आशुतोष ने तुरंत अन्य कर्मचारियों को सूचना दी। कर्मचारियों ने शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तब तक शिव और संजय की सांसें चल रही थीं, जबकि अन्य तीन अचेत अवस्था में थे।

अस्पताल ले जाते ही तीन को मृत घोषित किया गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया गया। सभी मजदूरों को तत्काल हिसार के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनुज, अमरजीत और साहिल को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, शिव और संजय की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। दोनों का इलाज जारी है।

कमरे में जल रही थी आग, अंदर से बंद था दरवाजा

प्रत्यक्षदर्शी आशुतोष ने बताया कि जब शीशा तोड़कर अंदर देखा गया, तो लोहे की बाल्टी में आग जल रही थी और कमरा अंदर से बंद था।

आशंका जताई जा रही है कि आग से बनी जहरीली गैस कमरे में भर गई, जिससे मजदूरों का दम घुट गया और यह हादसा हो गया।

एक महीने पहले ही हुई थी मृतक अनुज की शादी

इस हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जानकारी के मुताबिक मृतक अनुज की महज एक महीने पहले ही शादी हुई थी। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम होगा सामान्य अस्पताल में

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों को हिसार के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 4 1
Total Users : 399341
Total views : 644604

शहर चुनें