October 13, 2026 4:17 pm

October 13, 2026 4:17 pm

बजट केवल आंकड़ों की बाज़ीगरी, जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं: चन्द्रमोहन विधायक पंचकूला

पंचकूला। पंचकूला विधानसभा से कांग्रेस विधायक चन्द्रमोहन ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों की बाज़ीगरी है, जिसका जमीनी हकीकत से कोई सीधा संबंध नहीं है। देश की आम जनता बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, जबकि बजट का वास्तविक लाभ केवल पूंजीपतियों और बड़े कॉर्पोरेट घरानों तक ही सीमित नजर आता है।
चन्द्रमोहन ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं इस बजट से साफ झलकती हैं। शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र का कुल बजट पहले जहां 4.5 प्रतिशत था, उसे घटाकर 2.5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह देश की सुरक्षा से जुड़े रक्षा बजट को भी कुल बजट के 17 प्रतिशत से घटाकर 13 प्रतिशत कर दिया गया है, जो बेहद चिंताजनक है और सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन को लेकर बजट में कोई ठोस और प्रभावी प्रावधान नहीं किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी बजट पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के लिए किसी प्रकार की ठोस राहत या सहायता की घोषणा नहीं की गई, जिससे इन वर्गों में गहरी निराशा है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि लोगों को इस बजट से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन केंद्र सरकार ने एक बार फिर हरियाणा की अनदेखी करते हुए अपने असली इरादे साफ कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट आम आदमी की बजाय चंद चुनिंदा लोगों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे देश और प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 5 8 8
Total Users : 429588
Total views : 684978

शहर चुनें