September 22, 2026 10:42 pm

September 22, 2026 10:42 pm

यमुनानगर में भीषण सड़क हादसा: डंपर ने बाइक सवार परिवार को कुचला, गर्भवती महिला और मासूम समेत 3 की मौत

यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर में ओल्ड सहारनपुर रोड पर सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे कपड़ा व्यापारी, उसकी गर्भवती पत्नी और चार साल के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

पांसरा फाटक के पास पीछे से मारी टक्कर


पुलिस के मुताबिक, यह हादसा ओल्ड सहारनपुर रोड पर पांसरा फाटक के नजदीक हुआ। मूल रूप से उत्तराखंड के हरिद्वार (झबरेड़ा) के रहने वाले 29 वर्षीय सचिन, अपनी 27 वर्षीय पत्नी नेहा और 4 साल के बेटे नोनू के साथ बाइक पर सवार होकर यमुनानगर से अपने गांव जा रहे थे। वे अभी पांसरा फाटक के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर पड़े और डंपर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि तीनों की मौके पर ही जान चली गई।

5 महीने की गर्भवती थी नेहा, अनाथ हुई 7 साल की बेटी


इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक नेहा पांच महीने की गर्भवती थी। सचिन यमुनानगर की मीना मार्केट में कपड़ों का काम करता था और चिट्टा मंदिर के पास किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। इस हादसे ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। अब परिवार में सिर्फ सचिन की 7 साल की बेटी बची है, जो हरिद्वार में अपनी दादी के पास रहती है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते सिविल अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया, चालक की तलाश जारी


घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जिनका पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा। पुलिस ने फरार डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

Ravi Kumar
Author: Ravi Kumar

News

Our Visitor

4 1 8 3 4 8
Total Users : 418348
Total views : 670005

शहर चुनें