April 6, 2026 10:09 am

April 6, 2026 10:09 am

HARYANA:गुरुग्राम में करोड़ों का प्लॉट घोटाला, सिस्टम के भीतर बैठी अधिकारी निकली मास्टरमाइंड

डिप्टी एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर पर फर्जी अलॉटमेंट लेटर बनाकर प्लॉट बेचने का आरोप, EOW ने किया गिरफ्तार

जीरकपुर/गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला और हाई-प्रोफाइल घोटाला सामने आया है, जहां कानून लागू कराने की जिम्मेदारी संभालने वाली एक वरिष्ठ महिला अधिकारी ही करोड़ों रुपये के प्लॉट फर्जीवाड़े की मास्टरमाइंड निकली। गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-1 (EOW-I) ने डिप्टी एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर के पद पर तैनात महिला अधिकारी को फर्जी अलॉटमेंट लेटर और कन्वीनियंस डीड तैयार कर प्लॉट बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

 

सेक्टर-54 के कीमती प्लॉट से जुड़ा है मामला

पुलिस PRO संदीप ने बताया कि यह हाई-प्रोफाइल घोटाला गुरुग्राम के सेक्टर-54 स्थित एक कीमती प्लॉट से जुड़ा हुआ है। यह प्लॉट वर्ष 2004 में शिकायतकर्ता के पिता ने सनसिटी प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से बुक कराया था। पूरा भुगतान करने के बाद अलॉटमेंट और पजेशन लेटर भी जारी हो गया था। हालांकि, वर्ष 2013 में पिता की मृत्यु के बाद परिवार ट्रांसफर प्रक्रिया में उलझ गया, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने फर्जीवाड़े की साजिश रची।

 

2020 में तैयार हुआ फर्जी अलॉटमेंट लेटर

जांच में सामने आया है कि वर्ष 2020 में प्लॉट का फर्जी अलॉटमेंट लेटर तैयार किया गया। इसी के आधार पर कन्वीनियंस डीड रजिस्टर कराई गई और फिर 21 जुलाई 2026 को वही प्लॉट 3 करोड़ 40 लाख रुपये में बेच दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस पूरे खेल की मुख्य कड़ी कोई आम व्यक्ति नहीं बल्कि सरकारी सिस्टम में ऊंचे पद पर तैनात महिला अधिकारी सरोज देवी है।

सरकारी पद और सिस्टम की जानकारी का किया दुरुपयोग

सरोज देवी लंबे समय तक एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग में सेवा दे चुकी हैं और वर्तमान में डिप्टी एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर के पद पर तैनात थीं। आरोप है कि उन्होंने अपने पद और सिस्टम की गहरी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए रियल एस्टेट कंपनी के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इस घोटाले को अंजाम दिया।

 

जीरकपुर से गिरफ्तारी, 1.70 करोड़ का हिस्सा

पुलिस के मुताबिक, इस सौदे से आरोपी महिला अधिकारी को करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये का हिस्सा मिला। आर्थिक अपराध शाखा ने आरोपी को जीरकपुर (पंजाब) से गिरफ्तार किया है। फिलहाल उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि अन्य सहयोगियों, ठगी की रकम और फर्जी दस्तावेजों की बरामदगी की जा सके।

जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। यह मामला न केवल करोड़ों की ठगी का है, बल्कि सिस्टम के भीतर बैठे लोगों द्वारा भरोसे की सबसे बड़ी सेंध का भी गंभीर उदाहरण माना जा रहा है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 5 8
Total Users : 291458
Total views : 493814

शहर चुनें