बरवाला में दो एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही थी अनधिकृत कॉलोनी, डीटीपी बबीता गुप्ता के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 26 नवंबर। पंचकूला में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में उपायुक्त सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) बबीता गुप्ता के नेतृत्व में विभाग की टीम ने गांव बरवाला में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी के खिलाफ तोड़फोड़ अभियान चलाया।
करीब दो एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही इस अनधिकृत कॉलोनी में विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से रोड नेटवर्क और 10 निर्माणाधीन ढांचों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में बनाए गए रास्तों और निर्माणाधीन संरचनाओं को हटाया गया।
यह कार्रवाई जिला नगर योजनाकार बबीता गुप्ता, ड्यूटी मजिस्ट्रेट डिंपी राठी, सहायक नगर योजनाकार तथा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।
बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
जिला नगर योजनाकार बबीता गुप्ता ने बताया कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करने अथवा नई कॉलोनी विकसित करने से पहले हरियाणा के नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के निदेशक से निर्धारित अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना विभागीय अनुमति के कॉलोनी विकसित करना या अवैध निर्माण करना कानून का उल्लंघन है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति के अवैध निर्माण करता है या अनधिकृत कॉलोनी विकसित करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
आमजन से सावधानी बरतने की अपील
डीटीपी बबीता गुप्ता ने आमजन से अपील की कि किसी भी जमीन या प्लॉट में निवेश करने से पहले उसकी वैधता और संबंधित विभाग से मिली मंजूरी की जांच अवश्य करें। उन्होंने कहा कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से सीएलयू (भूमि उपयोग परिवर्तन) अथवा कॉलोनी विकसित करने का लाइसेंस प्राप्त किए बिना न तो निर्माण कार्य किया जाए और न ही अनधिकृत कॉलोनी विकसित की जाए।
उन्होंने लोगों को आगाह किया कि बिना स्वीकृति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।













Total Users : 462324
Total views : 730460