April 6, 2026 10:42 am

April 6, 2026 10:42 am

किसानों को बड़ी राहत: RBI करेगा किसान क्रेडिट कार्ड और सरल, नई गाइडलाइन जल्द

जयपुर: देश के करोड़ों किसानों के लिए राहत की बड़ी खबर है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना को और ज्यादा सरल, पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाने की तैयारी में है। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने संकेत दिए हैं कि योजना को लेकर नई और संशोधित गाइडलाइन जल्द जारी की जाएंगी, जिससे किसानों को लोन लेने में होने वाली परेशानियां कम होंगी और समय पर वित्तीय सहायता मिल सकेगी।

नई व्यवस्था का सीधा लाभ छोटे और सीमांत किसानों के साथ-साथ खेती से जुड़े मजदूरों और सहायक गतिविधियों में लगे लोगों को भी मिलने की उम्मीद है।

 

KCC का दायरा होगा और व्यापक

RBI की प्रस्तावित गाइडलाइन के तहत किसान क्रेडिट कार्ड योजना के दायरे को पहले से अधिक विस्तृत किया जाएगा। खेती और उससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के लिए अब तक लागू अलग-अलग नियमों को एकीकृत किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि किसानों को जटिल नियमों में उलझना न पड़े और बैंक भी आसानी से ऋण स्वीकृत कर सकें।

प्रस्तावित बदलावों में फसल के मौसम को एक समान करना, हर फसल चक्र के अनुसार ऋण सीमा तय करना और कार्ड की वैधता अवधि बढ़ाना शामिल है। इससे किसानों को बार-बार दस्तावेज जमा करने और बैंक के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

 

KCC की अवधि 6 साल तक बढ़ाने का प्रस्ताव

अब तक किसान क्रेडिट कार्ड की अवधि सीमित रहती थी, लेकिन नई गाइडलाइन में इसे बढ़ाकर 6 साल करने का प्रस्ताव है। इससे किसानों को हर साल नया कार्ड बनवाने या नवीनीकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक ही कार्ड से लंबे समय तक काम चलने से खेती की योजना बनाना भी आसान होगा।

 

आधुनिक खेती के लिए तकनीकी खर्च भी होंगे शामिल

RBI की नई गाइडलाइन में खेती से जुड़ी तकनीक पर होने वाले खर्चों को भी KCC के दायरे में लाने की तैयारी है। इसमें ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई, छोटे कृषि यंत्र, डिजिटल उपकरण और अन्य आधुनिक तकनीक शामिल होंगी। इससे आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की लागत घटाने में मदद मिलेगी।

 

क्या है किसान क्रेडिट कार्ड योजना

किसान क्रेडिट कार्ड योजना का उद्देश्य किसानों को कम ब्याज दर पर और आसान प्रक्रिया के तहत ऋण उपलब्ध कराना है। इसके जरिए किसान बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई, कटाई के बाद के खर्च और घरेलू जरूरतों के लिए भी ऋण ले सकते हैं।

 

कितनी राशि और कितनी ब्याज दर

संशोधित ब्याज अनुदान योजना के तहत किसान क्रेडिट कार्ड पर 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस पर सामान्य ब्याज दर 7 प्रतिशत है। यदि किसान समय पर ऋण चुकाता है तो उसे 3 प्रतिशत की अतिरिक्त ब्याज छूट मिलती है, जिससे प्रभावी ब्याज दर घटकर 4 प्रतिशत रह जाती है।

 

कौन ले सकता है KCC का लाभ

किसान क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ जमीन के मालिक किसान, संयुक्त किसान, किराए पर खेती करने वाले किसान, बटाईदार और मौखिक पट्टेदार ले सकते हैं। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह (SHG) और किसानों के संयुक्त समूह भी इस योजना के अंतर्गत पात्र हैं।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 6 8
Total Users : 291468
Total views : 493828

शहर चुनें