राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत 85 से अधिक सांसद, हरियाणा के लगभग सभी कांग्रेसी विधायक व पूर्व मंत्री रहे मौजूद
दिल्ली/चंडीगढ़, 7 फरवरी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा शुक्रवार को दिल्ली स्थित अपने आवास 15, तालकटोरा रोड पर आयोजित भोज राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा। इस अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी सहित विभिन्न दलों के 85 से अधिक सांसद, हरियाणा के लगभग सभी कांग्रेसी विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री उपस्थित रहे।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि राजनीति की सीमाओं से ऊपर उठकर विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं के साथ-साथ प्रेस व मीडिया से जुड़े अनेक वरिष्ठ और चर्चित चेहरे भी इस भोज में शामिल हुए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ सभी फूड स्टॉल्स का दौरा किया और हरियाणवी शैली के शुद्ध देशी व्यंजनों का आनंद लिया। दोनों नेताओं ने लगभग एक घंटे तक हुड्डा परिवार के साथ समय बिताया।
एक ओर जहां संसद में राजनीतिक गहमागहमी का माहौल था, वहीं संसद से कुछ ही दूरी पर आयोजित इस भोज में राजनीति और मीडिया से जुड़ी नामचीन हस्तियां सौहार्दपूर्ण वातावरण में लजीज व्यंजनों का स्वाद लेते और आपसी संवाद करते नजर आईं। इस आयोजन की तस्वीरें और चर्चाएं सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरती रहीं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोपहर के भोजन के दौरान समसामयिक राजनीतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीर चर्चा भी होती दिखाई दी। भोज के बहाने कई पुराने साथियों की लंबे समय बाद मुलाकात हुई और आपसी विचार-विमर्श का अवसर भी मिला।
गौरतलब है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा हर वर्ष लोहड़ी और मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में दिल्ली स्थित अपने आवास पर इस तरह के पारंपरिक भोज का आयोजन करते रहे हैं, जो राजनीतिक सौहार्द और सामाजिक मेल-मिलाप का प्रतीक माना जाता है।
आज के इस लंच में प्रमुख रूप से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, जया बच्चन, सचिन पायलट, मिलिंद देवड़ा, बी. के. हरिप्रसाद, सौगता रॉय, मुकुल वासनिक, मनीष तिवारी, सलमान खुर्शीद, संदीप दीक्षित, दिग्विजय सिंह, मनोज कुमार झा, प्रफुल्ल पटेल, राजीव शुक्ला, आनंद शर्मा, जनार्दन द्विवेदी, हरेंद्र मलिक, किशोरी लाल शर्मा, मोहम्मद जावेद, जोथीमणि सेन्निमलाई, टी. सुमति, जीतू पटवारी, हरीश चौधरी, एस. वेंकटेश, अखिलेश प्रसाद सिंह, प्रमोद तिवारी, उम्मेदाराम बेनीवाल, हरीश मीणा, नासिर हुसैन, राव नरेंद्र, राघव चड्ढा, महुआ मोइत्रा, गुरदीप सप्पल, अक्षय यादव, नीरज दांगी, संजना जाटव, उज्ज्वल रमन सिंह, धर्मेंद्र यादव, इमरान प्रतापगढ़ी, रंजीता रंजन, शशिकांत सेंथिल, पवन खेड़ा, अश्वनी कुमार, प्रियंका चतुर्वेदी, सुप्रिया श्रीनेत सहित हरियाणा कांग्रेस के लगभग सभी विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, जिला अध्यक्ष और सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।











Total Users : 291490
Total views : 493855