हरियाणा मॉडल से पंजाब को मिलेगा विकास का नया रास्ता, भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है
आम आदमी पार्टी की सरकार अपने वायदों पर जारी करे श्वेत पत्र
चंडीगढ़, 7 फरवरी: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में पंजाब देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही पंजाब में विकास की रफ्तार तेज होगी और केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं पूरी पारदर्शिता के साथ ज़मीन पर लागू होंगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंजाब के गांव पंजौला में आयोजित एक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजक सतपाल पुनिया द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और सिरोपा भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
हरियाणा बना देश का सबसे बड़ा किसान-हितैषी राज्य
24 फसलों पर MSP, 48 घंटे में सीधा भुगतान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दिया जा रहा है। किसानों की फसल मंडी में पहुंचते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान सीधे बैंक खातों में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर मुआवजा भी बिना किसी देरी के सीधे किसानों के खातों में भेजा जाता है, जिससे किसान सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस कर रहा है।
भाजपा ने संकल्प पत्र को कागज नहीं, जमीन पर उतारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। संकल्प पत्र में किए गए 217 वायदों में से पहले चरण में 60 वायदे पूरे किए जा चुके हैं और शेष पर तेज़ी से काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का खून का रिश्ता है, संस्कृति और संस्कार साझा हैं, इसलिए विकास का मॉडल भी साझा होना चाहिए।
लाडो लक्ष्मी योजना से हरियाणा की महिलाएं सशक्त
पंजाब में आम आदमी पार्टी के वायदे अधूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को ₹2100 प्रतिमाह दिए जा रहे हैं, जिसके लिए बजट में ₹5000 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पंजाब में महिलाओं को ₹1100 देने की घोषणा आज तक पूरी नहीं हो पाई, जो आम आदमी पार्टी की नीयत और नीति दोनों को उजागर करता है।
आवास, प्लॉट और मालिकाना हक: हरियाणा सरकार के ठोस फैसले
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 1.50 लाख लोगों को मकान उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके अलावा:
27 हजार पात्र परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट
14 शहरों में 15 हजार लोगों को 30-30 गज के प्लॉट
20 वर्षों से पंचायती भूमि पर काबिज लोगों को मालिकाना हक
जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं।
स्वास्थ्य सुरक्षा में हरियाणा अग्रणी
आयुष्मान-चिरायु योजना से 25 लाख लोग लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में आयुष्मान व चिरायु योजना के तहत ₹5 लाख तक का सालाना मुफ्त इलाज दिया जा रहा है।
अब तक 25 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं और इस पर ₹4000 करोड़ से अधिक खर्च किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसके उलट पंजाब के मोहल्ला क्लीनिक केवल दिखावा साबित हुए हैं।
AAP सरकार चुनावी वायदों पर श्वेत पत्र जारी करे
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब सरकार को चुनाव से पहले किए गए वायदों पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार चरम पर, कानून व्यवस्था कमजोर और ईमानदारी का दावा करने वाले खुद जेल तक पहुंचे हैं।
हरियाणा में बुजुर्गों को सम्मान, युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में बुजुर्गों को ₹3200 प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जिससे 34.50 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।
इसके साथ ही:
हैप्पी कार्ड योजना के तहत गरीब परिवारों को 1000 किमी मुफ्त बस यात्रा
बिना खर्ची-पर्ची के पारदर्शी तरीके से नौकरियां
11 वर्षों में 2 लाख युवाओं को रोजगार, केवल एक साल में 34 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां
पीएम मोदी ने पंजाब को दिया विशेष सम्मान
औद्योगिक हब के रूप में होगा राज्य का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखकर करोड़ों अनुयायियों को सम्मान दिया है।
उन्होंने जालंधर, लुधियाना और अमृतसर को औद्योगिक हब बनाने की घोषणा का भी उल्लेख किया, जिसे भाजपा सरकार बनते ही मजबूती से लागू किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद महारानी परनीत कौर, विधायक अश्विनी शर्मा, जिला प्रधान सरदार जसपाल सिंह गंगौली, सरपंच सरदार जरनैल सिंह, आयोजक सतपाल पुनिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











Total Users : 291515
Total views : 493889