April 12, 2026 3:29 pm

April 12, 2026 3:29 pm

सूरजकुंड मेला हादसा: झूला हादसे में 1 इंस्पेक्टर शहीद, 13 घायल; अगले आदेश तक मेला के सभी झूले बंद, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

फरीदाबाद: हरियाणा के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट मेले में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे एक झूले के दुर्घटनाग्रस्त होने से 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, लोगों को बचाने के प्रयास में ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

अगले आदेश तक झूला सेक्शन बंद
सूरजकुंड हादसे के बाद जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। डीसी ने कहा कि अगली जांच पूरी होने तक मेले में सभी झूला सेक्शन बंद रहेंगे। किसी भी स्थान पर झूलों का संचालन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हादसे की गहन जांच की जा रही है।
हालांकि, मेला परिसर में अन्य सांस्कृतिक, शिल्प, खान-पान और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम सुरक्षित हैं और सामान्य रूप से संचालित किए जा रहे हैं। पर्यटकों और आम जनता की सुरक्षा प्रशासन और मेला प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है

जिम्मेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई
डीजीपी अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि हादसे के लिए जिम्मेदार वेंडर और अन्य दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहीद इंस्पेक्टर के परिवार को मिलेगा एक करोड़ रुपये
डीजीपी ने इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने असाधारण साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। डीजीपी ने बताया कि पॉलिसी के तहत दिवंगत इंस्पेक्टर के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि और विभागीय अन्य लाभ दिए जाएंगे। हरियाणा पुलिस उनके परिवार की हर संभव मदद करेगी।

देर रात मेला ग्राउंड पहुंचे पर्यटन मंत्री
पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने देर रात सूरजकुंड मेला ग्राउंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। हादसे में घायल सभी लोगों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। इस दुर्घटना में दो महिला कांस्टेबल भी घायल हुई हैं, जिनकी हालत स्थिर है। मंत्री ने कहा कि जो भी इस हादसे के लिए जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
उत्तर प्रदेश के मथुरा के निवासी थे इंस्पेक्टर जगदीश
दिवंगत इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले थे। उनका जन्म 5 मार्च 1968 को हुआ था। वे 31 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन पलवल से सूरजकुंड मेला ड्यूटी के लिए तैनात किए गए थे। वे अपने अनुशासन, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के लिए विभाग में जाने जाते थे।

हादसे में घायल लोगों की सूची
हादसे में घायल लोगों में नीलय (सहायक उपनिरीक्षक), विजयपाल की पत्नी निवासी बादशाहपुर, सुनील पुत्र रविंद्र निवासी आरोहा (जिला महेंद्रगढ़), हर्ष प्रकाश पुत्र रामप्रकाश निवासी ग्रेटर नोएडा, प्रशांत पुत्र शंकर लाल निवासी दूबेपुर (जिला धौलपुर, राजस्थान), अनिशा पुत्री जितेंद्र निवासी फरीदाबाद, शिवानी पुत्री रमेश निवासी सेक्टर-78 नोएडा और परविंदर शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 5 5 2 6
Total Users : 295526
Total views : 499706

शहर चुनें