August 28, 2026 8:13 am

August 28, 2026 8:13 am

यमुनानगर में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले में बीती रात ताबड़तोड़ फायरिंग की घटनाओं से पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया। जिले के दो अलग-अलग इलाकों में हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की और तड़के सुबह बदमाशों के साथ मुठभेड़ में तीनों आरोपियों को काबू कर लिया।

अस्पताल और सिटी मॉल के पास चली गोलियां
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे डॉक्टर वरयाम सिंह अस्पताल के बाहर तीन बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब 13 से 14 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके कुछ देर बाद आरोपियों ने सिटी मॉल के पास भी 3-4 राउंड फायर किए।

पूरे शहर में नाकाबंदी, चला सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही यमुनानगर पुलिस हरकत में आ गई और पूरे शहर में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। रातभर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं।

तड़के मुठभेड़, तीनों बदमाश घायल
रविवार तड़के कांसापुर इलाके के पास संदिग्ध युवकों की मौजूदगी की सूचना मिली। मौके पर तैनात CIA टीम ने जब तीनों को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से करीब 25-30 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में तीनों बदमाश घायल हो गए—दो को गोली लगी, जबकि एक बाइक से गिरने के कारण घायल हुआ। सभी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिरौती और दहशत फैलाने की साजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि फायरिंग की यह वारदात फिरौती के इरादे और शहर में डर का माहौल बनाने के लिए की गई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित गैंग से जुड़े हैं या नहीं।

पुलिस का सख्त संदेश
एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और गैंग कनेक्शन की गहन जांच जारी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 2 9
Total Users : 399329
Total views : 644584

शहर चुनें