April 6, 2026 1:31 am

April 6, 2026 1:31 am

जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता की सेवा के लिए, शिकायतों का त्वरित समाधान हो प्राथमिकता – ऊर्जा मंत्री अनिल विज

कैथल जिला कष्ट निवारण समिति में कई मामलों का मौके पर निपटारा, गंभीर हत्या मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के पुनः निर्देश
चंडीगढ़, 13 फरवरी: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का दायित्व है कि आमजन को समय पर न्याय और सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले। उन्होंने दो टूक कहा कि “हम और अधिकारी जनता के लिए हैं, इसलिए जनता की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।”
विज आज कैथल में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान प्राप्त कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि कुछ जटिल मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया है।

गंभीर हत्या मामला सीबीआई को सौंपने के निर्देश
ऊर्जा मंत्री ने जानकारी दी कि एक गंभीर हत्या से संबंधित मामला लंबे समय से लंबित है, जिसमें पुलिस अभी तक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व बैठकों में भी इस संबंध में पत्राचार किया गया था और आज गृह सचिव से बातचीत कर इस मामले को शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि जब तक मामला औपचारिक रूप से सीबीआई को नहीं सौंपा जाता, तब तक पुलिस अपनी जांच जारी रखेगी। संबंधित प्रकरण में न्यायालय में अर्जी दाखिल की जा चुकी है और अनुमति मिलने पर आरोपियों का नार्को टेस्ट भी कराया जाएगा।

शिकायतों का शीघ्र निस्तारण ही सुशासन की पहचान
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में विज ने कहा कि शासन-प्रशासन का मूल उद्देश्य जनता की सेवा है। अधिकारी अपने स्तर पर निपटाए जा सकने वाले मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। विशेषकर गरीब और जरूरतमंद नागरिकों की शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का शीघ्र निस्तारण ही सुशासन की सच्ची पहचान है।

श्रम विभाग की कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच
श्रम विभाग में कथित 1500 करोड़ रुपये की अनियमितताओं को लेकर पूछे गए सवाल पर श्रम मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच के लिए सभी जिला उपायुक्तों को समितियां गठित करने के निर्देश दिए गए थे। जिला स्तर पर जांच पूरी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इस पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

राजनीतिक आरोपों पर विज का पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा नई रणनीति बनाए जाने संबंधी सवाल पर श्री विज ने कहा कि कांग्रेस एक “टुकड़े-टुकड़े पार्टी” बन चुकी है, जो समय-समय पर खुद को जोड़ने की कोशिश करती है लेकिन फिर बिखर जाती है।
वहीं, आम आदमी पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।  विज ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पंजाब में जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 4 0
Total Users : 291340
Total views : 493636

शहर चुनें