September 22, 2026 11:34 pm

September 22, 2026 11:34 pm

विकास में नंबर-1 से क्राइम में नंबर-1 बना हरियाणा: दीपेन्द्र हुड्डा

चंडीगढ़, 13 फरवरी। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कभी विकास में अग्रणी रहने वाला हरियाणा आज अपराध के मामले में देश में नंबर-1 बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में राज्य गंभीर कानून-व्यवस्था संकट से गुजर रहा है और सरकार केवल भाषणबाजी तक सीमित है, जबकि आम जनता डर के साये में जीने को मजबूर है।
नए-नए गैंग, अंडरएज शूटरों का उभार
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध तेजी से बढ़ा है। हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स की एक ताज़ा रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि विदेशों से ऑपरेट कर रहे 50 से अधिक बड़े गैंगस्टर हरियाणा में रंगदारी, धमकी और हत्या जैसी वारदातों में सक्रिय हैं। फर्जी दस्तावेजों के जरिए बने पासपोर्ट पर ये अपराधी अमेरिका, कनाडा, यूरोप और खाड़ी देशों से नेटवर्क चला रहे हैं, जबकि ज़मीन पर कम उम्र के शूटरों के जरिए घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।

बेरोजगारी-नशा-अपराध का दुष्चक्र
सांसद ने कहा कि हरियाणा का नौजवान बेरोजगारी से हताशा, हताशा से नशे और नशे से अपराध के चंगुल में फंस रहा है। “बेरोजगारी अपराध और नशे की जननी है,” उन्होंने कहा। उनके मुताबिक कई गांव नौजवानों से खाली हो चुके हैं और जो युवा पहले उद्यमी बनते थे, आज हालात उन्हें अपराध की ओर धकेल रहे हैं।

NCRB के आंकड़े चिंताजनक
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट का हवाला देते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में रोज़ 3–4 हत्याएं और बलात्कार की औसतन 5 घटनाएं सामने आती हैं। मर्डर और रेप क्राइम में हरियाणा देश में दूसरे नंबर पर है, जबकि रोज़ाना अपहरण के करीब 10 मामले दर्ज हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्राइम रेट के लिहाज से हरियाणा उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे बड़े राज्यों से भी आगे निकल चुका है।

व्यापारियों-किसानों में दहशत
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि विदेशी नंबरों से आ रही रंगदारी कॉल्स के कारण बड़े व्यापारी, प्रॉपर्टी डीलर और किसान दहशत में हैं। “अब तो लोगों को फोन उठाने से भी डर लगता है,” उन्होंने कहा। गोलीबारी, धमकी और हत्या के प्रयास की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे छोटे दुकानदार से लेकर बड़े कारोबारी तक भय के माहौल में जी रहे हैं।

गृह मंत्रालय की रिपोर्ट का भी हवाला
उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली रिपोर्टों में भी हरियाणा की उच्च अपराध दर पर चिंता जताई गई है। महिलाओं के खिलाफ अपराध और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार का तंत्र पंगु साबित हो रहा है।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि यदि हालात पर तुरंत काबू नहीं पाया गया तो राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ेगी। उन्होंने सरकार से सख्त कार्रवाई, रोजगार सृजन और संगठित अपराध पर निर्णायक प्रहार की मांग की।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 3 5 8
Total Users : 418358
Total views : 670017

शहर चुनें