August 30, 2026 6:46 am

August 30, 2026 6:46 am

चंडीगढ़ में कांग्रेस को बड़ी मजबूती, AAP के वरिष्ठ नेता व सैकड़ों कार्यकर्ताओं की ‘घर वापसी’

चंडीगढ़: शहर की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एच.एस. लक्की की अगुवाई में राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कार्यक्रम में चेतन चौहान और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन विशेष रूप से मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता, पूर्व मेयर व पंजाब सरकार में चेयरमैन रहे प्रदीप छाबड़ा की धर्मपत्नी रितु छाबड़ा, धनास वार्ड से चुनाव लड़ चुके कुलदीप कुकी (3200 वोट), बापूधाम वार्ड से यशपाल कालिया (2680 वोट) तथा हरजिंदर सिंह बावा (2336 वोट) प्रमुख रूप से शामिल हैं। सभी नेताओं ने अपने-अपने वार्डों में दूसरे स्थान पर रहते हुए उल्लेखनीय मत प्राप्त किए थे और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखते हैं।
प्रेमलता ने आरोप लगाया कि मेयर चुनाव में उन्हें हराने वाले पार्षदों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। रितु छाबड़ा ने कहा कि उनके पति के निधन के बाद पार्टी ने उनके परिवार का साथ नहीं दिया। कुलदीप कुकी ने कहा कि उन्हें जिम्मेदारी देने के बजाय पद से मुक्त कर दिया गया और बाहरी नेताओं को थोप दिया गया। यशपाल कालिया ने उपेक्षा का आरोप लगाया, जबकि हरजिंदर सिंह बावा ने कहा कि उन्हें स्टेट महासचिव से घटाकर सचिव और फिर वार्ड अध्यक्ष बना दिया गया।
नव-शामिल नेताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालते हुए कांग्रेस भवन पहुंचकर “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” और “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे लगाए। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने इसे सभी साथियों की “घर वापसी” बताते हुए कहा कि इन नेताओं के शामिल होने से संगठन और मजबूत होगा तथा आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस 35 के 35 वार्डों में जीत दर्ज कर अपना मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर बनाएगी।
एआईसीसी सचिव चेतन चौहान ने कहा कि जो भी व्यक्ति लोकतंत्र और देश की रक्षा के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही विचारधारा की लड़ाई में शामिल होना चाहता है, कांग्रेस उसका स्वागत करती है। उन्होंने स्थानीय सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश नेतृत्व के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अब नगर निगम चुनाव में भी कांग्रेस जीत दर्ज करेगी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने कहा कि चंडीगढ़ में कांग्रेस संगठन मजबूती से काम कर रहा है और पार्टी में शामिल सभी नेताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के छह पार्षदों सहित वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 8 2 4
Total Users : 400824
Total views : 646642

शहर चुनें