August 29, 2026 5:53 am

August 29, 2026 5:53 am

पंचकूला में व्यवसायी की फॉर्च्यूनर से लाखों की नकदी उड़ाने वाला विश्वासपात्र ड्राइवर 24 घंटे में गिरफ्तार

डुप्लीकेट रिमोट बनाकर देता रहा वारदात को अंजाम, 2.20 लाख रुपये कैश बरामद
पंचकूला, 23 फरवरी। पंचकूला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक व्यवसायी की फॉर्च्यूनर कार से लाखों रुपये की नकदी चोरी करने के मामले को महज 24 घंटे में सुलझा लिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि पिछले पांच वर्षों से कार्यरत उसका विश्वसनीय ड्राइवर ही निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई पूरी 2 लाख 20 हजार रुपये की राशि बरामद कर ली है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार, 21 फरवरी को सेक्टर-2 पुलिस चौकी में एक व्यवसायी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अक्सर अपने व्यवसाय के सिलसिले में अपनी फॉर्च्यूनर कार में नकदी रखते हैं। 16 फरवरी को कार में करीब 3 लाख रुपये रखे गए थे। 17 फरवरी की सुबह जांच करने पर 1 लाख 70 हजार रुपये गायब मिले। इसके अगले दिन फिर से 50 हजार रुपये चोरी हो गए। इस प्रकार कुल 2 लाख 20 हजार रुपये की नकदी गायब पाई गई। मामले में सेक्टर-5 थाना में चोरी का केस दर्ज किया गया।
जांच के लिए एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम के इंचार्ज सुनील कुमार और एएसआई कर्मजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितियों की गहन जांच के बाद शक की सुई 45 वर्षीय ड्राइवर राजीव पर जाकर रुकी, जो मूल रूप से रोहतक के कन्हेली गांव का निवासी है और वर्तमान में सेक्टर-2 पंचकूला में रह रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने गाड़ी के रिमोट की डुप्लीकेट कॉपी बनवाई थी। इसी डुप्लीकेट रिमोट की मदद से वह मौका पाकर कार को खोलता और नकदी चोरी कर लेता था।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी 2 लाख 20 हजार रुपये की राशि बरामद कर ली है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने अपने मालिक के भरोसे का गलत फायदा उठाया, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण उसे फरार होने का मौका नहीं मिला और शत-प्रतिशत रिकवरी सुनिश्चित की गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू सहायकों या चालकों पर आंख मूंदकर विश्वास न करें और उनका पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 8 8
Total Users : 400088
Total views : 645618

शहर चुनें