June 29, 2026 2:28 pm

June 29, 2026 2:28 pm

राज्य सतर्कता ब्यूरो की दो बड़ी कार्रवाइयाँ; महिला सुपरवाइजर और शुगर मिल के मुख्य रसायनविद रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

चंडीगढ़, 23 फरवरी।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अंबाला ने सोमवार को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आंगनबाड़ी सुपरवाइजर और हरियाणा शुगर मिल्स के मुख्य रसायनविद को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में ट्रैप कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूर्ण पारदर्शिता के साथ की गई।

2.50 लाख रुपये रिश्वत लेते मुख्य रसायनविद गिरफ्तार
दूसरे मामले में शिकायतकर्ता रणजीत सिंह पुत्र राम आज्ञा प्रसाद, निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज कुमार, मुख्य रसायनविद, दी हरियाणा शुगर मिल्स, भाली आनन्दपुर, जिला रोहतक को 2,50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए सुनारिया रोड, रोहतक से गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने उसकी फर्म के बिलों के भुगतान को प्रोसेस करवाने, तैयार की गई चीनी की गुणवत्ता को अनुकूल दर्शाने तथा फर्म के प्रदर्शन को बेहतर दिखाने के बदले 2,50,000 रुपये की मांग की थी।
ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस संबंध में अभियोग संख्या 06 दिनांक 23.02.2026 को धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 एवं धारा 308(2) बीएनएस के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में मामला दर्ज किया गया है।


2,000 रुपये रिश्वत लेते आंगनबाड़ी सुपरवाइजर गिरफ्तार
पहले मामले में जिला अंबाला निवासी शिकायतकर्ता सुभाष चन्द की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी मीनू, सुपरवाइजर आंगनबाड़ी, जिला अंबाला को आंगनबाड़ी केंद्र तेपला से 2,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
शिकायत के अनुसार सुभाष चन्द की पत्नी उषा रानी, जो आंगनबाड़ी हेल्पर हैं, उनका केवाईसी अपडेट न होने के कारण आईडीबीआई बैंक, मुलाना में खाता बंद हो गया था, जिससे तीन माह का वेतन लंबित था। नया बैंक खाता खुलवाने के लिए विभागीय मोहर और हस्ताक्षर करने तथा बकाया वेतन नए खाते में ट्रांसफर करवाने की एवज में आरोपी ने 4,000 रुपये की मांग की।
बताया गया कि 21 फरवरी 2026 को आरोपी ने 2,000 रुपये ले लिए थे और शेष 2,000 रुपये आज लेते समय उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में अभियोग संख्या 02 दिनांक 23.02.2026 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अंबाला में दर्ज किया गया है।

ब्यूरो का संदेश: भ्रष्टाचार पर सख्ती जारी
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध उसकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें, ताकि पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन स्थापित किया जा सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 5 5 8 2 0
Total Users : 355820
Total views : 585838

शहर चुनें