सेक्टर-33 से निकला मार्च, कांग्रेस भवन की ओर कूच से पहले पुलिस ने आकाशवाणी केंद्र के पास रोका
चंडीगढ़। ए आई समिट के दौरान कथित नग्नता प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार रोष मार्च निकाला। महिला मोर्चा की अध्यक्षा हीरा नेगी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय ‘कमलम’ से मार्च शुरू कर सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन की ओर कूच किया।
मार्च जैसे ही कांग्रेस भवन की ओर बढ़ा, पुलिस प्रशासन ने आकाशवाणी केंद्र के पास बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। बैरिकेडिंग के चलते महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को वहीं रोक दिया गया, जिसके बाद उन्होंने मौके पर ही धरना देते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
“देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास”: हीरा नेगी
महिला मोर्चा की अध्यक्षा हीरा नेगी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने वाला यह कृत्य अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मौन स्वीकृति और गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जिससे देश की संस्कृति, मर्यादा और सम्मान को ठेस पहुंचती है।
उन्होंने कहा कि भारत एक सांस्कृतिक राष्ट्र है, जहां नारी सम्मान और सभ्यता सर्वोपरि मानी जाती है। ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियां देश को शर्मसार करने वाली हैं।
कार्यक्रम की संयोजक फार्मिला रहीं। इस अवसर पर चंद्रावती शुक्ला, जिला अध्यक्ष राजेंद्र कौर रतू, जिला उपाध्यक्ष अनीता जोशी, जिलाध्यक्ष रितु सूद तथा जिला अध्यक्ष रेखा सूद सहित महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
“राष्ट्र सर्वोपरि हमारी विचारधारा”: रामवीर भट्टी
प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा में राष्ट्र सर्वोपरि है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब देशहित का प्रश्न आया था, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव की सरकार के समय अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष रखने की आवश्यकता थी। उस समय नेता प्रतिपक्ष रहे अटल बिहारी वाजपेयी को जिनेवा भेजा गया और उन्होंने बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए भारत का पक्ष मजबूती से रखा।
उन्होंने कहा कि यही अंतर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की सोच में है। भट्टी ने आरोप लगाया कि ए आई समिट में लगभग 22 से 25 देशों के राष्ट्रीय और शासन प्रमुखों की उपस्थिति के दौरान कांग्रेस से जुड़े लोगों द्वारा किया गया कृत्य देश को शर्मसार करने वाला है।

उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकार कर स्पष्ट संदेश दिया है कि राष्ट्रहित के विरुद्ध राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।
लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का ऐलान
कार्यक्रम के अंत में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आकाशवाणी केंद्र के निकट ही प्रदर्शन जारी रखते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्र सम्मान से जुड़े किसी भी मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा लोकतांत्रिक और सशक्त तरीके से संघर्ष करती रहेगी।











Total Users : 291490
Total views : 493855