September 22, 2026 1:14 pm

September 22, 2026 1:14 pm

चंडीगढ़ में इंटरनेशनल वुमेन डे का उत्साह, महिलाओं की सेहत और सशक्तिकरण पर हुआ संवाद

चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में एनए कल्चरल सोसाइटी द्वारा सेक्टर-44 स्थित Motherhood Chaitanya Hospital के प्रांगण में इंटरनेशनल वुमेन डे का उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और महिला स्वास्थ्य, पोषण तथा सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। डाइटीशियन डॉ. नीलू मल्होत्रा ने महिलाओं को संतुलित आहार और सही खान-पान की आदतों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने दैनिक आहार में पोषणयुक्त भोजन शामिल करना चाहिए, जिससे वे कई तरह की बीमारियों से बच सकती हैं।
इसके अलावा डॉ. गीतिका ठाकुर और हीना चावला ने भी महिलाओं को स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली में महिलाओं को अपने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। एनए कल्चरल सोसाइटी की पायल, डॉ. रोमिका वडेरा और संतोष शर्मा को उनके सामाजिक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सेलेब्रिटी एंकर शैली तनेजा ने किया। इस दौरान कई महिलाओं ने मंच पर आकर अपने जीवन के अनुभव साझा किए और बताया कि किस तरह वे परिवार, करियर और समाज के बीच संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में महिला दिवस की खुशी में केक काटा गया और उपस्थित सभी महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।


एनए कल्चरल सोसाइटी की फाउंडर प्रेसिडेंट निखार आनंद मिड्डा ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सोसाइटी भविष्य में भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने मिलकर महिला दिवस को एक यादगार उत्सव के रूप में मनाया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 0 9 3
Total Users : 418093
Total views : 669661

शहर चुनें