April 6, 2026 7:03 am

April 6, 2026 7:03 am

हरियाणा राज्यसभा चुनाव: दो सीटों के लिए आज मतदान, शाम तक आएगा परिणाम; सियासी सरगर्मियां तेज

चंडीगढ़। हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए आज मतदान होना है। चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हरियाणा विधानसभा परिसर में सुबह 9 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
इस बार राज्यसभा चुनाव में मुकाबला दिलचस्प हो गया है क्योंकि दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से संजय भाटिया, कांग्रेस की ओर से कर्मवीर बौद्ध, जबकि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। नांदल के मैदान में उतरने से मुकाबला और अधिक रोचक बन गया है।

विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश
राज्यसभा चुनाव को देखते हुए सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने और क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए विशेष रणनीति बनाई है।
भाजपा ने अपने अधिकांश विधायकों को पिछले दो दिनों से चंडीगढ़ के एक फाइव स्टार होटल में रखा हुआ है। यहां विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए छह अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। बताया गया कि एक प्रशिक्षण सत्र के दौरान तीन विधायकों से मतदान में गलती हो गई थी, जिसके कारण उनके वोट रद्द हो गए। बाद में उन्हें दोबारा सही तरीके से मतदान की प्रक्रिया समझाई गई।
भाजपा के विधायक आज सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ विधानसभा पहुंचेंगे और मतदान करेंगे।

कांग्रेस ने भी बनाई रणनीति
कांग्रेस को भी क्रॉस वोटिंग की आशंका है। इसी कारण पार्टी ने अपने अधिकांश विधायकों को हिमाचल प्रदेश के कसौली में शिफ्ट कर दिया था। वहां दो दिनों तक उन्हें मतदान प्रक्रिया की ट्रेनिंग दी गई।
रविवार शाम सभी विधायक कसौली के होटल रमाडा में ठहरे और वहीं से आज सुबह सीधे चंडीगढ़ पहुंचकर मतदान करेंगे। कांग्रेस के छह विधायक जो पहले हिमाचल नहीं गए थे, वे भी देर रात चंडीगढ़ पहुंच गए। बताया जा रहा है कि सभी विधायक दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में मतदान करेंगे।

इनेलो की भूमिका पर नजर
विधानसभा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के दो विधायक हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस चुनाव में इनेलो मतदान का बहिष्कार भी कर सकती है। अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के निर्देशों के बाद लिया जाएगा।
इनेलो के रुख पर सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इससे चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।

निर्दलीय उम्मीदवार का बड़ा दावा
निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल ने दावा किया है कि उन्हें तीन निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान, सावित्री जिंदल और राजेश जून का समर्थन प्राप्त है।
नांदल का यह भी कहना है कि उनके संपर्क में कांग्रेस के करीब 10 विधायक और भाजपा के 17 विधायक भी हैं। हालांकि इस दावे की सच्चाई मतदान के दौरान ही सामने आएगी।

किन सीटों के लिए हो रहा चुनाव
इन सीटों में से एक सीट पर वर्तमान राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। वे मार्च 2020 में निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए थे।
दूसरी सीट पर किरण चौधरी उपचुनाव के जरिए अगस्त 2024 में राज्यसभा पहुंची थीं। यह सीट उस समय खाली हुई थी जब दीपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।

शाम तक साफ हो जाएगा समीकरण
हरियाणा की राजनीति के लिहाज से यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। यदि किसी भी दल में क्रॉस वोटिंग होती है तो चुनाव परिणाम चौंकाने वाले हो सकते हैं।
प्रदेश भर की निगाहें आज हरियाणा विधानसभा में होने वाली वोटिंग और शाम को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 0 5
Total Users : 291405
Total views : 493737

शहर चुनें