संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत संत शिरोमणि श्री गुरु लाधुनाथ जी महाराज को किया नमन
नायक समाज ने सदियों से बनाए रखी अपनी पहचान और संस्कृति: मुख्यमंत्री
बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 20 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय के लक्ष्य के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नायक समाज सदियों से मेहनत, ईमानदारी और सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा है और इस समाज ने हर परिस्थिति में अपनी संस्कृति और पहचान को बनाए रखा है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में आयोजित संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत संत शिरोमणि गुरु लाधुनाथ जी महाराज की जयंती समारोह में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संत लाधुनाथ महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का नायक समाज के प्रबुद्ध लोगों ने पारंपरिक पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नवरात्र और संत लाधुनाथ महाराज की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर हमारी सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
संत लाधुनाथ महाराज के विचारों को बताया प्रेरणादायक
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु लाधुनाथ जी महाराज का जीवन सत्य, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने मानव सेवा को ही सच्ची ईश्वर सेवा बताया और समाज में व्याप्त कुरीतियों, भेदभाव और अज्ञानता के खिलाफ निरंतर संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि संत लाधुनाथ महाराज जीव हत्या के घोर विरोधी थे और उन्होंने समाज को अहिंसा व करुणा का संदेश दिया। 47 वर्ष की आयु में राजस्थान के बीकानेर जिले के मसूरी गांव में उन्होंने समाधि ली, जहां आज भी उनकी स्मृति में विशाल मेला आयोजित होता है, जो लोगों की गहरी आस्था का प्रतीक है।
नायक समाज का गौरवशाली इतिहास
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायक समाज का इतिहास वीरता, त्याग और संघर्ष से भरा रहा है। उन्होंने आदिवासी योद्धा भीमा नायक, कोल विद्रोह के नेता बुधु भगत और विजयनगर साम्राज्य के योद्धा नरसा नायक का उदाहरण देते हुए कहा कि इस समाज ने स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और हांसी क्षेत्रों में भी नायक समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज आज भी संतों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
‘अंत्योदय’ सरकार का मूल उद्देश्य
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और राज्य में डबल इंजन सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर वर्ग, हर बिरादरी और हर समुदाय को बराबरी का अवसर मिले और “सबका साथ, सबका विकास” की नीति के तहत प्रदेश को आगे बढ़ाया जाए।
अनुसूचित जातियों के कल्याण हेतु योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अनुसूचित जातियों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया है और सरकारी नौकरियों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
उन्होंने बताया कि
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख मकान दिए गए
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 27 हजार से अधिक गरीब परिवारों को प्लॉट आवंटित किए गए
500 वर्ग गज तक के मकानों पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिया गया
अम्बेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत गरीब परिवारों को 80 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है और अब तक 76,985 लाभार्थियों को 416 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अब तक 27 लाख लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिनमें
12वीं में 90% से अधिक अंक लाने वाले छात्रों को 1.11 लाख रुपये प्रोत्साहन
2.56 लाख से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति
हजारों छात्रों को मुफ्त साइकिल
बोर्ड फीस की प्रतिपूर्ति
प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों को एकमुश्त भत्ता
इसके अलावा मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत 2.60 लाख बेटियों को सहायता राशि प्रदान की गई है।
संतों की शिक्षाएं समाज की धरोहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत-महात्माओं, ऋषि-मुनियों और गुरुओं ने मानवता को सच्चा मार्ग दिखाया है और उनकी शिक्षाएं पूरे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे सेवा, समर्पण और सद्भावना के मार्ग पर चलकर हरियाणा को देश का अग्रणी राज्य बनाने में योगदान दें।
गंगवा बोले—वंचितों के साथ खड़ी है सरकार
इस अवसर पर मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पहली बार संत महापुरुषों की जयंती को सरकारी स्तर पर मनाने की परंपरा शुरू की है। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग का ध्यान रखते हुए कार्य कर रही है और वंचितों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।













Total Users : 345450
Total views : 571493