June 21, 2026 7:32 pm

June 21, 2026 7:32 pm

हरियाणा बैंक महाघोटाले की केंद्रीय जांच की मांग, तेल-गैस संकट पर भी घेरा – दुष्यंत चौटाला

मल्टी स्टेट स्कैम की राज्य स्तर पर जांच संभव नहीं, केंद्र एजेंसियों को सौंपा जाए मामला
चंडीगढ़, 27 मार्च: हरियाणा में प्राइवेट बैंकों के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये के सरकारी फंड में गड़बड़ी के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इस पूरे मामले को “मल्टी स्टेट स्कैम” बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच के लिए केंद्र सरकार से दखल देने की मांग की है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह घोटाला केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार कई राज्यों से जुड़े हुए नजर आ रहे हैं। ऐसे में राज्य की विजिलेंस एजेंसी इस स्तर के घोटाले की प्रभावी जांच नहीं कर सकती। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय जैसी केंद्रीय एजेंसियों से करवाई जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्रीय जांच की मांग कर चुके हैं।

घोटाले का दायरा हजारों करोड़ तक पहुंचने की आशंका
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि शुरुआती आंकड़ों के आधार पर यह घोटाला 590 करोड़, 700 करोड़ या 1000 करोड़ रुपये तक सीमित नहीं लग रहा है। जब इसकी देशव्यापी जांच होगी तो यह कहीं बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आ सकता है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी मिशन के फंड में गड़बड़ी के तार भी इस मामले से जुड़े हो सकते हैं। साथ ही इसमें शामिल बैंकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है, जो मामले को और गंभीर बनाता है।

तेल-गैस संकट पर सरकार को घेरा
देश में बढ़ते तेल और गैस संकट को लेकर भी दुष्यंत चौटाला ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारत में साफ दिखाई दे रहा है।
चौटाला ने कहा कि कई राज्यों से गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें सामने आ रही हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग गैस के अभाव में लकड़ी के चूल्हों पर खाना बनाने को मजबूर हैं।
कालाबाजारी पर लगाम लगाने की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के बजाय राशन डिपो पर केरोसिन तेल बांटने की बात कर रही है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
दुष्यंत चौटाला ने केंद्र सरकार से अपील की कि तेल और गैस की सप्लाई व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि आम जनता पर आर्थिक बोझ न बढ़े।
**

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 1 9 2
Total Users : 349192
Total views : 576516

शहर चुनें