August 29, 2026 12:58 am

August 29, 2026 12:58 am

HARYANA: कांग्रेसी विधायकों पर कार्रवाई भूपेंद्र हुड्डा की पसंद-नापसंद का खेल: मोहन लाल बड़ौली

कांग्रेस पर ‘ड्रामाबाज पार्टी’ का आरोप, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की जमकर सराहना

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़, 30 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेसी विधायकों पर कार्रवाई केवल भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पसंद-नापसंद का खेल है और पार्टी के अंदर लोकतांत्रिक सोच की कमी साफ दिखाई देती है।

उन्होंने कांग्रेस को “ड्रामाबाज पार्टी” बताते हुए कहा कि विधायकों को नोटिस भेजने और विधायक दल की बैठक बुलाने के नाम पर महज राजनीतिक ड्रामा किया जा रहा है। बड़ौली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी चरम पर है, जिसके चलते राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग देखने को मिली।

राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि निर्दलीय उम्मीदवार ने निर्दलीय विधायकों के समर्थन से चुनाव लड़ा और भाजपा ने उसे समर्थन दिया। वहीं कांग्रेस विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर वोट डाले, जो आंतरिक कलह का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा को स्पष्ट करना चाहिए कि वे किन विधायकों को पार्टी में रखना चाहते हैं और किन्हें बाहर करना चाहते हैं।

इस दौरान बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सैनी की निर्णय क्षमता और प्रशासनिक दक्षता की जनता के साथ-साथ विपक्ष के नेता भी तारीफ कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में हर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य हर वर्ग का उत्थान करना है। किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आर्थिक सहायता दी जा रही है और राज्य में सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जा रही हैं।

महिलाओं और गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए बड़ौली ने कहा कि लाड़ो लक्ष्मी योजना से पात्र महिलाओं को लाभ मिल रहा है, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों का घर का सपना साकार हो रहा है। आयुष्मान और चिरायु योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र पर चलते हुए प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। बड़ौली ने दावा किया कि कांग्रेस से जनता का भरोसा लगातार कम हो रहा है और लोग अब भाजपा की नीतियों पर विश्वास जता रहे हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद देश और प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 6 8
Total Users : 400068
Total views : 645598

शहर चुनें