June 15, 2026 2:18 pm

June 15, 2026 2:18 pm

PUNJAB: भगवंत सिंह मान ने सनौर में विकास परियोजनाओं की बरसात, 87 करोड़ से सड़कों का नवीनीकरण शुरू

27 करोड़ की नहरी लाइनिंग परियोजनाएं शुरू, 83 गांवों की 40,066 एकड़ जमीन को मिलेगा सिंचाई पानी
बाबूगिरी ब्यूरो
सनौर (पटियाला), 30 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को पटियाला जिले के सनौर विधानसभा क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए राज्य में बुनियादी ढांचे और सिंचाई प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया। मुख्यमंत्री ने 87 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों के नवीनीकरण और 27 करोड़ रुपये की लागत से नहरी लाइनिंग परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के तहत सनौर लिंक रोड, पटियाला-पिहोवा रोड समेत कई प्रमुख मार्गों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा घड़ाम राजबाहा, शेखपुरा और बहादुरपुर माइनरों की कंक्रीट लाइनिंग का कार्य शुरू किया गया है, जिससे क्षेत्र के 83 गांवों की 40,066 एकड़ कृषि भूमि को नियमित नहरी पानी उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ठेकेदारों के लिए पांच साल के अनिवार्य रखरखाव का प्रावधान लागू किया है। अब यदि सड़क निर्माण में कोई खामी पाई जाती है तो ठेकेदार के भुगतान को रोका जा सकता है, उसे ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है और भविष्य में ठेके देने से भी वंचित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भ्रष्टाचार के कारण सड़कें कुछ ही समय में खराब हो जाती थीं, लेकिन अब पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के इतिहास का सबसे बड़ा सड़क निर्माण अभियान चला रही है, जिसके तहत 16,209 करोड़ रुपये की लागत से 44,920 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और नवीनीकरण किया जाएगा।
सिंचाई और जल प्रबंधन के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार ने नहरी प्रणाली को पुनर्जीवित करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया है। अब तक 6,900 किलोमीटर लंबी 18,349 खालों को बहाल किया जा चुका है और 1,444 गांवों तक पहली बार नहरी पानी पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि इस कार्य पर करीब 6,500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने कानूनी लड़ाई लड़कर भाखड़ा नहर के पानी में पंजाब का हिस्सा सुनिश्चित किया है, जिससे किसानों को उनका हक मिल रहा है और सिंचाई के दायरे में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सनौर क्षेत्र के विकास को लेकर उन्होंने बताया कि 49.60 करोड़ रुपये की लागत से नई लिंक सड़कें बनाई जाएंगी और मौजूदा सड़कों को आधुनिक बनाया जाएगा। पटियाला-पिहोवा मार्ग को चार लेन करने की योजना भी जल्द लागू की जाएगी, जिससे दिल्ली की ओर आवागमन और सुगम होगा।
शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने नेशनल अचीवमेंट सर्वे-2024 में देश में पहला स्थान हासिल किया है। राज्य में 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस खोले जा रहे हैं, जिनमें से 60 पहले ही शुरू हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में सैकड़ों विद्यार्थियों ने जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।
स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत राज्य के 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और लाखों लोग इसका लाभ उठा चुके हैं।
बिजली सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को अब पहली बार दिन के समय सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध हो रही है और धान के सीजन में आठ घंटे से अधिक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने बताया कि राज्य में समर्पित सड़क सुरक्षा फोर्स का गठन किया गया है, जिसने सड़क हादसों में होने वाली मौतों में उल्लेखनीय कमी लाई है। यह फोर्स राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर 24 घंटे तैनात रहती है और दुर्घटना पीड़ितों की मदद सुनिश्चित करती है।
प्रशासनिक सुधारों के तहत ईजी रजिस्ट्री प्रोजेक्ट लागू किया गया है, जिससे संपत्ति पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। इसके अलावा सरकार ने 19 टोल प्लाजा बंद किए हैं, जिससे लोगों को रोजाना लाखों रुपये की बचत हो रही है।
नशा विरोधी अभियान पर बोलते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्तियां जब्त और ध्वस्त की हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें नशे से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है।
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक पार्टियां राज्य के विकास को देखकर घबरा गई हैं और बेबुनियाद बयानबाजी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लोगों की भलाई और पंजाब की तरक्की के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 5 8
Total Users : 344058
Total views : 569430

शहर चुनें