June 13, 2026 1:54 pm

June 13, 2026 1:54 pm

चंडीगढ़: किसान आंदोलन को लेकर हरियाणा पुलिस अलर्ट

11 अप्रैल के धरना-प्रदर्शन से पहले प्रदेशभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम, डीजीपी अजय सिंघल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 10 अप्रैल। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 11 अप्रैल को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में एडीजीपी, आईजी, पुलिस कमिश्नर और सभी जिलों के एसपी शामिल हुए। पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक में एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह और एडीजीपी कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
बैठक में डीजीपी अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि धरना-प्रदर्शनों के दौरान असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में पहले से ठोस रणनीति बनाकर हर स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सूचना तंत्र और पुलिस ब्रीफिंग पर जोर
डीजीपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने सूचना तंत्र को सक्रिय रखें और जिन स्थानों पर प्रदर्शन होना है, वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही हर पुलिसकर्मी को उसकी जिम्मेदारी के बारे में स्पष्ट जानकारी देने के लिए प्रभावी ब्रीफिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
ट्रैफिक और मंडियों पर विशेष ध्यान
पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि धरना-प्रदर्शन के दौरान यातायात बाधित न हो। इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किए जाएं। मंडियों में फसल उठान के चलते विशेष सतर्कता बरतने और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही सुचारू रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
हाईवे और टोल प्लाजा पर कड़ी निगरानी
एडीजीपी कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि धरना स्थलों, हाईवे और टोल प्लाजा जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकने पर जोर दिया गया।
किसानों से संवाद और शांति की अपील
एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह ने कहा कि धरना स्थलों पर तैनात अधिकारी किसानों से संवाद बनाए रखें, ताकि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से निकाला जा सके। उन्होंने मंडियों में व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अंत में डीजीपी अजय सिंघल ने किसानों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखें और किसी के बहकावे में न आएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 2 1 1 3
Total Users : 342113
Total views : 566650

शहर चुनें