September 22, 2026 10:34 am

September 22, 2026 10:34 am

चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के खिलाफ AAP की मुहिम तेज, हस्ताक्षर अभियान शुरू; जरूरत पड़ी तो PMO का घेराव: जरनैल सिंह

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 अप्रैल: आम आदमी पार्टी (AAP) ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की नीतियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ते हुए शहरभर में हस्ताक्षर अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। सेक्टर-39 स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे आम जनता के साथ अन्याय करार दिया।

पार्टी के प्रभारी जरनैल सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ में पहले कांग्रेस और पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार रही है, लेकिन दोनों ही दलों ने बीते 25 वर्षों में शहरवासियों को गुमराह किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने करीब 32,000 नोटिस जारी कर हजारों परिवारों पर डिमोलिशन और रेस्टोरेशन चार्ज का बोझ डाल दिया है, जिससे लोगों के घरों पर कार्रवाई का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि पहले “नीड बेस्ड चेंजेस” के नाम पर लोगों को बदलाव की अनुमति देकर फीस ली गई, लेकिन अब उन्हीं निर्माणों को अवैध घोषित कर कार्रवाई की जा रही है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। जरनैल सिंह के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनाए गए लगभग 67,000 मकानों में शहर की करीब 25 प्रतिशत आबादी रहती है, जिनमें से आधे से अधिक लोग ईडब्ल्यूएस और एलआईजी वर्ग से जुड़े हैं। 2001 से 2026 तक नीतियों में बार-बार बदलाव से लोगों में असुरक्षा और भ्रम का माहौल बना है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के एफएआर फैसले के बाद कई राहतें रोक दी गईं, जिससे आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। अतिरिक्त निर्माण पर प्रति वर्ग फुट 200 रुपये और अन्य शुल्क मिलाकर लोगों से 30,000 से 50,000 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
AAP नेता ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि एकमुश्त नियमितीकरण और बिना जुर्माना नीति जैसे वादे आज तक पूरे नहीं हुए। अलग-अलग सेक्टरों में अलग-अलग नियम लागू कर भेदभाव किया जा रहा है और पुराने मकानों को राहत से बाहर रखा गया है।

“कमरे के बदले फ्लैट हाउस” नीति की आलोचना करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार अनुमति देकर पैसे लेने के बाद उसी निर्माण को अवैध कैसे घोषित कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को राज्यपाल से लेकर संसद तक उठाएगी और जरूरत पड़ने पर प्रधानमंत्री कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।

पार्टी ने घोषणा की कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएंगी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रभावित परिवारों से संपर्क करेंगे। साथ ही विरोध पत्र भरवाकर लोगों की आवाज प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी।
AAP ने शहरभर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान और जागरूकता मुहिम चलाने का ऐलान करते हुए कहा कि हजारों परिवारों के घर बचाने के लिए पार्टी पूरी ताकत से संघर्ष करेगी और किसी भी कीमत पर लोगों के आशियानों को टूटने नहीं दिया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी अध्यक्ष विजयपाल सिंह, जनरल सेक्रेटरी ओमकार सिंह औलख, काउंसलर एवं नेता प्रतिपक्ष हरदीप सिंह बुटरेला, अनजू कट्याल, पूर्व मेयर कुलदीप ढलोर, प्रेम गर्ग, सुखराज संधू, योगेश ढींगरा, एससी विंग के प्रधान देशराज सनावर, स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए. तंवर, प्रवक्ता अजीत, जसबीर सिंह लाड़ी, जसविंदर कौर, जगपाल जग्गा, शहदाब राठी और रामचंद्र यादव सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 0 4 1
Total Users : 418041
Total views : 669602

शहर चुनें