– कुलगुरु, रजिस्ट्रार व फैकेल्टी कॉर्डिनेटर रहे मौजूद
– 3 मई को शुरू होगी कला प्रदर्शनी, 4 मई को दीक्षांत समारोह
बाबूगिरी ब्यूरो
रोहतक,1 मई 2026। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के द्वितीय दीक्षांत समारोह व 11वीं कला प्रदर्शनी ‘अभिव्यंजना’ का शुक्रवार को पोस्टर लॉन्च किया गया। यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुलगुरु डॉ अमित आर्य व रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने पोस्टर लॉन्च किया। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक डॉ अजय कौशिक, फैकेल्टी कॉर्डिनेटर महेश टीपी, अजय बाहू जोशी, विनय कुमार व डॉ शैली खन्ना भी मौजूद रहे।
सुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि द्वितीय दीक्षांत समारोह 4 मई को यूनिवर्सिटी परिसर में मनाया जाएगा। इसकी अध्यक्षता प्रदेश के राज्यपाल एवं यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रो असीम कुमार घोष डिग्रियां वितरित करेंगे। साल 2014 में अस्तित्व में आने के बाद सुपवा का यह दूसरा दीक्षांत समारोह है, इससे पहले 2021 में पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था। पांच साल बाद हो रहे इस दीक्षांत समारोह में ग्रेजुएशन व पोस्ट ग्रेजुएशन की सफलतापूर्वक पढ़ाई पूरी कर चुके 760 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां वितरित की जाएंगी। डॉ आर्य ने बताया कि दीक्षांत समारोह के दौरान 35 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान फिल्म एंड टेलीविजन फैकेल्टी के 2018 बैच के 42 छात्र-छात्राओं को भी डिग्री प्रदान की जाएंगी। ये वे छात्र हैं, जिनकी डिग्री कोर्स पूरा न होने के कारण अटकी हुई थी।
डॉ आर्य ने बताया कि दीक्षांत समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहेंगे, जबकि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि रहेंगे। इस दौरान प्रदेश के शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, वित्त समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, विश्वविद्यालय कोर्ट, कार्यकारी परिषद, अकादमिक परिषद आदि के सदस्यों ने भी अपनी उपस्थिति बारे सहमति प्रदान कर दी है। दीक्षांत समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यूनिवर्सिटी परिसर को विशेष तौर से सजाया जा रहा है। इसकी सफलता के लिए विभिन्न आयोजन समितियों का गठन कर अलग-अलग जिम्मेदारी तय की गई हैं। आयोजन का हिस्सा बनने के लिए सभी छात्रों व उनके अभिभावकों को आमंत्रित किया गया है।
रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि डीएलसी सुपवा कला एवं सांस्कृतिक शिक्षा देने वाली देश की एकमात्र ऐसी सरकारी यूनिवर्सिटी है, जहां संगीत, नृत्य, नाटक, ललित कला, प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर, डिजाइन, विजुअल आर्ट्स आदि की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। यहां से शिक्षित छात्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुपवा परिवार, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि छात्रों के परिश्रम और समर्पण का सम्मान करने का मौका भी है।
‘अभिव्यंजना’ की 3 मई को शुरुआत, 5 मई से आम जनता की एंट्री
सुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि कला प्रेमियों के लिए प्रदर्शनी ‘अभिव्यंजना’ की शुरुआत 3 मई को फैकेल्टी ऑफ डिजाइन परिसर में होगी। यह प्रदर्शनी स्कूल-कॉलेज के छात्रों, कला प्रेमियों व आम लोगों की एंट्री के लिए 5 मई को ओपन की जाएगी, जो 8 मई तक जारी रहेगी। ‘अभिव्यंजना’ सुपवा के फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स की 11वीं सालाना कला प्रदर्शनी है। इसमें विजुअल आर्ट्स के स्नातक व स्नातकोत्तर के प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के छात्र अपनी साल भर में तैयार की गई कलाकृतियों को प्रदर्शित करेंगे। प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्रों को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी रचनात्मकता, तकनीकी कौशल और कलात्मक दृष्टि को लोगों के सामने प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि 3 और 4 मई को सिर्फ अतिथि और निमंत्रण से आने वाले मेहमानों के लिए प्रदर्शनी ओपन रहेगी। आम जनता 5 से 8 मई तक इसका अवलोकन कर सकेगी।
समाज को समकालीन कला से जोड़ेगी ‘अभिव्यंजना’
कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि ‘अभिव्यंजना’ में फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के विभिन्न विभागों एनिमेशन, मल्टीमीडिया, एप्लाइड आर्ट्स, पेंटिंग, स्कल्पचर और प्रिंटमेकिंग के छात्रों की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। पारंपरिक व आधुनिक कला शैलियों का यह संगम दर्शकों को विविध अनुभव प्रदान करेगा। डिजिटल आर्ट से लेकर क्लासिकल पेंटिंग और थ्री डायमेंशन स्कल्पचर तक, हर माध्यम की झलक यहां देखने को मिलेगी। डॉ आर्य ने कहा कि कला और विचारों के प्रदर्शन का यह सालाना आयोजन सुपवा की पहचान बन चुका है। ‘अभिव्यंजना’ न केवल छात्रों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर है, बल्कि समाज को समकालीन कला से जोड़ने का भी माध्यम है। प्रदर्शनी में आने वाले कला प्रेमियों को एक समृद्ध और प्रेरणादायक अनुभव मिलेगा, जो कला के प्रति उनकी समझ को और अधिक गहरा करेगा।











Total Users : 308944
Total views : 519337