May 6, 2026 1:19 am

May 6, 2026 1:19 am

CHANDIGARH NEWS: चंडीगढ़ यूटी एस्टेट ऑफिस का नया फरमान

ग्रुप ‘C’ और ‘D’ कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

ब्लैक पैंट व स्काई ब्लू शर्ट में दिखेंगे कर्मचारी

जीन्स व टी-शर्ट में नही दिखाई देंगे बाबू

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 5 मई 2026: चंडीगढ़ यूटी के एस्टेट ऑफिस में अब कारपोरेट कम्पनियों की तर्ज पर सभी कर्मचारी ड्रेस कोड में दिखाई देंगे। एस्टेट ऑफिस ने इसके लिए एक आदेश जारी किया है। ऑफिस में आने वाले सभी कर्मचारियों को ड्रेस कोड के तहत वर्दी में आना होगा।
आने वाले दिनों में सभी कर्मचारी ब्लैक पैंट व स्काई ब्लू शर्ट में दिखाई देंगे। जीन्स व टी-शर्ट में बाबू दिखाई नही देंगे।
नए आदेशो के तहत जींस, टी-शर्ट और फैशनेबल कपड़ों पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है, ताकि दफ्तरों में व्यावसायिक माहौल बना रहे।

पवित्र सिंह सहायक एस्टेट ऑफिसर 1 ने जारी आदेशों में बताया कि एस्टेट ऑफिस, यू.टी. चंडीगढ़ ने कर्मचारियों की कार्यशैली में अनुशासन और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए नया ऑफिस ऑर्डर जारी किया है। इस आदेश के तहत ग्रुप ‘C’ और पूर्व ग्रुप ‘D’ श्रेणी के सभी कर्मचारियों—चाहे वे नियमित हों या आउटसोर्स—के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। यह आदेश 4 मई से ही लागू कर दिए गए है। सभी ग्रुप सी व डी कर्मचारियों को इसकी पालना करनी होगी। पालना नही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही होगी।

क्या है आदेश का आधार
जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय द्वारा 31 अगस्त 2017 को जारी ऑफिस मेमोरेंडम के आधार पर लिया गया है, जिसे चंडीगढ़ प्रशासन के वित्त विभाग (अकाउंट्स ब्रांच) ने 31 जनवरी 2024 को अपनाया था।
इस नीति के तहत सभी ग्रुप सी व डी कर्मचारी जैसे ड्राइवर, रेस्टोरर, दफ्तरी, प्रोसेस सर्वर, पियून और सफाई कर्मचारियों को ड्रेस अलाउंस दिया जा रहा है, बशर्ते वे नियमित रूप से यूनिफॉर्म पहनने का पालन करें।

यूनिफॉर्म को लेकर स्पष्ट निर्देश
ऑफिस ऑर्डर में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित सभी कर्मचारियों को अब अनिवार्य रूप से: ब्लैक पैंट व स्काई ब्लू शर्ट पहननी होगी। यह नियम 4 मई 2026 से प्रभावी हो गया है।

लापरवाही पर जताई नाराजगी
एस्टेट ऑफिस ने अपने आदेश में यह भी कहा है कि देखा गया है कि कई कर्मचारी नियमित रूप से यूनिफॉर्म नहीं पहन रहे हैं, जिससे दिए गए निर्देशों और उनके द्वारा किए गए अंडरटेकिंग का उल्लंघन हो रहा है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

आदेश में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि कोई कर्मचारी इन निर्देशों का पालन नहीं करता है, तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा और नियमों के अनुसार संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आउटसोर्स एजेंसी को भी निर्देश जारी

एस्टेट ऑफिस ने आउटसोर्स कर्मचारियों की आपूर्ति करने वाली एजेंसी—ए.पी. सिक्योरिटास—को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्मचारियों को इस आदेश का सख्ती से पालन करवाएं।

प्रशासन का उद्देश्य
इस आदेश का मुख्य उद्देश्य कार्यालय में अनुशासन, एकरूपता और पेशेवर वातावरण बनाए रखना है, ताकि आम जनता के सामने प्रशासन की छवि और अधिक सुदृढ़ हो सके।
यह आदेश पवित्र सिंह सहायक एस्टेट ऑफिसर-1 द्वारा जारी किया गया है और सभी संबंधित विभागों को इसकी प्रति भेज दी गई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 1 1 0 8 0
Total Users : 311080
Total views : 522590

शहर चुनें