बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
झज्जर, 16 जून। हरियाणा के झज्जर जिले के गांव पहाड़ीपुर की बेटी पूर्वा सिवाच ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। श्रीलंका के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज के लिए भारतीय टीम में चयन होने के बाद पूरे झज्जर जिले और गांव पहाड़ीपुर में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पूर्वा सिवाच का चयन केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय बन गया है। क्रिकेट के मैदान पर अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से पहचान बनाने वाली पूर्वा ने कम उम्र में ही यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो तो सफलता जरूर मिलती है।
दिल्ली क्रिकेट सर्किट में अपनी अलग पहचान बना चुकी पूर्वा सिवाच ने घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वह एक प्रतिभाशाली ऑलराउंडर हैं, जो बल्लेबाजी के साथ-साथ मीडियम पेस गेंदबाजी में भी माहिर हैं। द्वारका स्थित बाल भवन क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही पूर्वा ने अपने खेल से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की महिला चयन समिति का ध्यान आकर्षित किया और राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने में सफल रहीं।
पूर्वा के पिता धर्मेंद्र सिवाच, जो दिल्ली में सरकारी शिक्षक हैं, ने बताया कि 22 जून से 6 जुलाई तक श्रीलंका की अंडर-19 महिला टीम भारत दौरे पर रहेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच तीन टी-20 और तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पूर्वा सिवाच का चयन दोनों प्रारूपों की भारतीय टीम में हुआ है, जो उनकी प्रतिभा और निरंतर प्रदर्शन का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि पूर्वा बचपन से ही क्रिकेट के प्रति बेहद समर्पित रही हैं। उनकी माता सुनीता सिवाच, जो हरियाणा में जेबीटी शिक्षिका हैं, ने भी बेटी के सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिवार ने बच्चों के क्रिकेट के प्रति जुनून को देखते हुए अपने घर की छत को ही अभ्यास मैदान में बदल दिया, ताकि उन्हें अभ्यास के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यही समर्पण आज पूर्वा को भारतीय टीम तक पहुंचाने में सहायक बना।
परिवार में खेल का माहौल होने के कारण पूर्वा के छोटे भाई यश सिवाच भी क्रिकेट में अपना भविष्य बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। परिवार का मानना है कि अनुशासन, कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है।
पूर्वा के चयन की खबर मिलते ही गांव पहाड़ीपुर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। गांव के सरपंच सुनील सिवाच सहित मोहन सिवाच, अशोक सिवाच, राजेश सिवाच और मास्टर कृष्ण मलिक ने पूर्वा की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि गांव की बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्वा की सफलता उन हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। पूर्वा सिवाच ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।
अब पूरे झज्जर जिले और हरियाणा की निगाहें पूर्वा के प्रदर्शन पर टिकी हैं। सभी को उम्मीद है कि वह भारतीय टीम के लिए शानदार खेल दिखाते हुए देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।















Total Users : 399223
Total views : 644453