रमेश गोयत
पंचकूला, 18 जून। पंचकूला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालका क्षेत्र में डकैती की साजिश रच रहे पंजाब के पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध विदेशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, लोहे की रॉड, गंडासी, सुआ सहित कई खतरनाक हथियार बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली बिना नंबर प्लेट की होंडा सिटी कार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी पंजाब के मलोट (जिला मुक्तसर साहिब) के रहने वाले हैं और हाल ही में पंजाब में हुई फायरिंग की घटना के बाद फरार चल रहे थे। पैसे खत्म होने पर इन आरोपियों ने कालका क्षेत्र में डकैती डालने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें दबोच लिया।
एसीपी कालका आशीष कुमार ने बताया कि 17 जून को थाना कालका प्रभारी प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रेस्ट हाउस और गौशाला के पास सुनसान स्थान पर एक होंडा सिटी कार में कुछ युवक हथियारों के साथ बैठे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर कार के पास खड़े तीन युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को काबू कर लिया।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बबलू निवासी मलोट की तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध विदेशी पिस्टल और मैगजीन में लोड छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। अन्य आरोपियों की पहचान ऋतिक उर्फ मंगू, नवीश कुमार उर्फ ननु, दीपक कुमार और खुशदीप सिंह उर्फ निर्मल के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के जिला मुक्तसर के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से लोहे की रॉड, गंडासी और सुआ जैसे जानलेवा हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मलोट में उनकी कुछ युवकों से पुरानी रंजिश चल रही थी। 13 जून 2026 को इसी रंजिश के चलते झगड़ा हुआ था, जिसमें बबलू ने फायरिंग की थी। इस मामले में पंजाब के थाना सदर मलोट में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना कालका में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ऋतिक उर्फ मंगू एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पंजाब में नशा तस्करी, चोरी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी दीपक और खुशदीप को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि मुख्य आरोपी बबलू, ऋतिक और नवीश को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पंचकूला पुलिस जिले में किसी भी आपराधिक गैंग को शांति व्यवस्था भंग नहीं करने देगी। पुलिस की सतर्कता के चलते एक बड़ी वारदात होने से पहले ही टल गई। बरामद हथियारों के स्रोत और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है तथा जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।













Total Users : 346831
Total views : 573381