August 27, 2026 10:38 pm

August 27, 2026 10:38 pm

KAITHAL: गॉव नरड़ की बेटी प्रियंका ने बढ़ाया हरियाणा का मान, मुंबई में बनी साइंटिस्ट

मेहनत और लगन से हासिल की बड़ी उपलब्धि
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
कैथल/हरियाणा: हरियाणा के कैथल जिले के गॉव नरड़ की एक बेटी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कैथल की बेटी अब मुंबई में वैज्ञानिक (साइंटिस्ट) के रूप में अपनी सेवाएं देगी। उसकी इस सफलता से परिवार, नरड़ गांव और पूरे कैथल जिले में खुशी का माहौल है। मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर कैथल जिले के गांव नरड़ की बेटी प्रियंका ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रियंका का चयन देश की प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्था भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई में वैज्ञानिक अधिकारी (Scientific Officer) के पद पर हुआ है।
प्रियंका का चयन BARC OCES-2026 के तहत भौतिक विज्ञान (Physics) विषय में हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने GATE Physics परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-34 हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस सफलता से गांव नरड़ सहित पूरे कैथल जिले में खुशी की लहर है।
प्रियंका वर्तमान में कैथल में रह रही हैं। प्रियंका के दादा प्रताप सिंह गॉव में नम्बरदार के साथ साथ स्कूल टीचर भी रहे है। उनके पिता राजबीर सिंह चहल शिक्षक हैं, जबकि माता प्रेमलता गृहिणी हैं। परिवार ने बताया कि प्रियंका बचपन से ही पढ़ाई में होनहार रही हैं और उन्होंने हमेशा अपने लक्ष्य को प्राथमिकता दी।
प्रियंका ने वर्ष 2017 में लिटिल फ्लावर विजिटेशन सीनियर सेकेंडरी कॉन्वेंट स्कूल से दसवीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 2019 में चमन वाटिका रेजिडेंशियल स्कूल फॉर गर्ल्स से नॉन-मेडिकल विषय में 12वीं उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय का रुख किया, जहां से वर्ष 2022 में बीएससी और वर्ष 2024 में भौतिक विज्ञान में एमएससी की डिग्री हासिल की।

तीन बार असफलता के बाद भी नहीं छोड़ा संघर्ष
प्रियंका ने बताया कि एमएससी पूरी करने के बाद उनका लक्ष्य CSIR-UGC NET परीक्षा पास कर पीएचडी करने का था। उन्होंने इसके लिए प्रयास किए, लेकिन लगातार तीन बार सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने हार मानने की बजाय अपनी तैयारी की दिशा बदली और GATE Physics की तैयारी शुरू कर दी।
वर्ष 2025 में उन्होंने पहली बार GATE Physics परीक्षा दी और ऑल इंडिया रैंक-1270 हासिल की। इसी साल उन्होंने BARC OCES की परीक्षा भी दी, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया।
इसके बाद प्रियंका ने एक साल तक पूरी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ तैयारी जारी रखी। वर्ष 2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए GATE Physics में AIR-34 हासिल की और BARC OCES-2026 की चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त कर वैज्ञानिक अधिकारी बनने का सपना पूरा किया।

मुंबई में हुआ करीब 70 मिनट का इंटरव्यू
प्रियंका ने बताया कि 8 जून को मुंबई में BARC का इंटरव्यू हुआ था, जो करीब एक घंटा 10 मिनट तक चला। इंटरव्यू के दौरान वैज्ञानिकों ने भौतिक विज्ञान के सिद्धांतों, विषय की समझ और वैज्ञानिक सोच को परखा।
प्रियंका ने कहा कि इंटरव्यू लेने वाले वैज्ञानिकों का व्यवहार बेहद सकारात्मक रहा और उन्होंने अभ्यर्थियों को अपनी क्षमता दिखाने का पूरा मौका दिया।
प्रियंका चहल की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो असफलताओं से निराश होकर अपने सपने छोड़ देते हैं। उन्होंने साबित किया कि लगातार मेहनत और धैर्य के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 2 2 4
Total Users : 399224
Total views : 644455

शहर चुनें