July 2, 2026 8:06 pm

July 2, 2026 8:06 pm

पंचकूला के हर्बल पार्क के बाहर गंदगी का अंबार, लोगों ने उठाए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला, 2 जुलाई। शहर के प्रतिष्ठित हर्बल पार्क से सटे कार पार्किंग क्षेत्र और आसपास की जगह की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र, जो शहर की पहचान और हरित वातावरण का प्रतीक होना चाहिए, आज गंदगी और अव्यवस्था का शिकार बन चुका है।

पार्किंग क्षेत्र में जगह-जगह कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक अपशिष्ट, निर्माण सामग्री का मलबा, झाड़ियां और अन्य गंदगी फैली हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह स्थान धीरे-धीरे ठेकेदारों और मजदूरों के लिए अवैध डंपिंग ग्राउंड बनता जा रहा है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई और निगरानी की व्यवस्था नहीं की गई तो यह क्षेत्र स्थायी कूड़ाघर में बदल सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो लोगों को शिकायतों और विरोध-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।

लोगों ने कहा कि हाल ही में नगर निगम की ओर से महापौर द्वारा स्वच्छता अभियान और शहर के चो (नालों) के सौंदर्यीकरण की पहल सराहनीय है, लेकिन घग्गर नदी के किनारे हर्बल पार्क से सटे इस महत्वपूर्ण क्षेत्र की लगातार अनदेखी चिंता का विषय है।

नागरिकों ने नगर निगम, महापौर और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि पार्किंग क्षेत्र और आसपास फैले कूड़े व निर्माण मलबे को तुरंत हटाया जाए, अवैध डंपिंग रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, झाड़ियों की नियमित सफाई कर क्षेत्र का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा इस हरित सार्वजनिक स्थल को संरक्षित किया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वच्छता अभियान केवल शहर के प्रमुख हिस्सों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पंचकूला के प्रत्येक सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए समान रूप से प्रयास किए जाने चाहिए।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 5 9 0 3 5
Total Users : 359035
Total views : 590280

शहर चुनें