July 2, 2026 9:14 pm

July 2, 2026 9:14 pm

पंचकूला में स्ट्रीट वेंडर्स और डिलीवरी बॉय का होगा पुलिस सत्यापन, सीसीटीवी नेटवर्क का होगा विस्तार: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन

रमेश गोयत
पंचकूला, 2 जुलाई 2026: पंकज नैन ने गुरुवार को सेक्टर-4 स्थित कार्यालय में जिले के विभिन्न सेक्टरों, कॉलोनियों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक कर कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और जनसहभागिता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए, जिनमें स्ट्रीट वेंडर्स और डिलीवरी बॉय का पुलिस सत्यापन, सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाना प्रमुख रहा।
बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक आजीविका कमाने का अधिकार है, लेकिन यह कार्य पूरी तरह वैध होना चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में रेहड़ी, ठेला और फेरी लगाकर सामान बेचने वाले सभी स्ट्रीट वेंडर्स का चरणबद्ध पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद उनकी रेहड़ियों और वाहनों पर पहचान के लिए यूनिक नंबर भी अंकित किए जाएंगे। इसी तरह जिले में कार्यरत सभी डिलीवरी बॉय का भी पुलिस सत्यापन कराया जाएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
बैठक में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने पंचकूला पुलिस द्वारा शुरू किए गए भिक्षावृत्ति मुक्त पंचकूला, क्राइम एंड एन्क्रोचमेंट फ्री पंचकूला तथा अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा अभियान की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि इन अभियानों से जिले में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है और लोगों का पुलिस पर विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जिन स्थानों पर अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए के सहयोग से कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही अपराध की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना और मजबूत हो।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। आमजन की मांग पर माजरी चौक पर लगाए गए बैरिकेड प्रयोग के तौर पर हटाए जाएंगे। इसके बाद यातायात की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा और प्राप्त परिणामों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि सुरक्षा और यातायात के बीच बेहतर संतुलन बनाया जा सके।
बैठक में अन्य विभागों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस के विशेष अभियानों का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, व्यवस्थित और अपराधमुक्त पंचकूला के निर्माण के लिए पुलिस और समाज को साझेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अभियान से संबंधित शिकायत, सुझाव या समस्या होने पर पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से संपर्क करें।
उन्होंने जानकारी दी कि आज हुई बैठक में लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आगामी रविवार शाम 4 बजे जिले के विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक प्रतिनिधियों की संबंधित थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में स्थानीय स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। भविष्य में भी इस प्रकार की संवादात्मक बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 5 9 1 4 5
Total Users : 359145
Total views : 590416

शहर चुनें