July 13, 2026 4:08 am

July 13, 2026 4:08 am

CHANDIGARH: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे से पहले सड़कों की बदहाली उजागर, गुरुद्वारा चौक पर गड्ढों से वाहन चालक परेशान, वीडियो वायरल

सेक्टर-20, 30, 32 और 33 को जोड़ने वाले व्यस्त गुरुद्वारा चौक की जर्जर सड़कें बनीं मुसीबत, विभाग की अनदेखी पर उठे सवाल

रमेश गोयत
चंडीगढ़। आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे से पहले शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। सेक्टर-20, 30, 32 और 33 को जोड़ने वाले गुरुद्वारा चौक पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उखड़ी हुई सड़क के कारण रोजाना हजारों वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह चौक शहर के सबसे व्यस्त यातायात मार्गों में से एक है, जहां दिनभर कार, दोपहिया वाहन, ऑटो, स्कूल बसें और भारी वाहन गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को बार-बार गति धीमी करनी पड़ती है, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से सड़क की हालत खराब बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इसकी मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। कई बार दोपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर गिर चुके हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।

यातायात पुलिस के लिए भी यह स्थान बड़ी चुनौती बना हुआ है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है और पीक आवर्स में लंबी कतारें लग जाती हैं। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को यातायात सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर शहर में तैयारियां तेज हैं, तब मुख्य मार्गों की बदहाल स्थिति प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने मांग की है कि गुरुद्वारा चौक की सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके और संभावित हादसों से बचा जा सके।
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन गुरुद्वारा चौक की मौजूदा स्थिति इन दावों की हकीकत बयां करती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर इस समस्या का स्थायी समाधान करेगा।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 6 3 2
Total Users : 366632
Total views : 600295

शहर चुनें