October 13, 2026 7:30 pm

October 13, 2026 7:30 pm

हरियाणा-बिहार के बीच शुरू होगी अंतरराज्यीय एसी बस सेवा, समझौते पर हस्ताक्षर

गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत और पानीपत समेत हरियाणा के प्रमुख शहरों से बिहार के छह प्रमंडलों तक मिलेगी सीधी बस सुविधा
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 10 जुलाई। हरियाणा सरकार ने यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार के साथ अंतरराज्यीय बस सेवाओं के संचालन के लिए द्विपक्षीय बस परिचालन समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के बाद हरियाणा के प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक शहरों से बिहार के छह प्रमुख प्रमंडलों तक नियमित एसी बस सेवाएं संचालित की जाएंगी।
समझौते पर हरियाणा सरकार की ओर से परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा सेखर वुनडरु तथा बिहार सरकार की ओर से राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर हरियाणा के परिवहन आयुक्त अतुल द्विवेदी और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे।

समझौते के तहत हरियाणा के गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत, पानीपत सहित अन्य निर्धारित शहरों से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पटना, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों के लिए आधुनिक वातानुकूलित (एसी) बसों का नियमित संचालन किया जाएगा। बस सेवाएं तय समय-सारिणी के अनुसार चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को विश्वसनीय और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिलेगी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा सेखर वुनडरु ने कहा कि बिहार के साथ हुआ यह समझौता अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे यात्रियों को कम किराए पर गुणवत्तापूर्ण एसी बस सेवा मिलेगी और निजी वाहनों व निजी परिवहन पर उनकी निर्भरता भी कम होगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रदेश को देश के प्रमुख राज्यों से बेहतर और सुव्यवस्थित बस सेवाओं के माध्यम से जोड़ना है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि हरियाणा देश के प्रमुख औद्योगिक और रोजगार उपलब्ध कराने वाले राज्यों में शामिल है। गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत और अंबाला जैसे शहरों में बड़ी संख्या में बिहार के लोग औद्योगिक इकाइयों, निजी कंपनियों, निर्माण कार्य, सेवा क्षेत्र, व्यापार और अन्य व्यवसायों में कार्यरत हैं। इसके अलावा विद्यार्थी, व्यापारी और अन्य यात्री भी नियमित रूप से दोनों राज्यों के बीच यात्रा करते हैं।
उन्होंने कहा कि नई बस सेवा से केवल यात्रियों की सुविधा ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि हरियाणा और बिहार के बीच आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक संबंध भी मजबूत होंगे। बेहतर परिवहन सुविधा से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार तक पहुंच आसान होगी और निवेश व पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। नियमित सार्वजनिक परिवहन सेवा दोनों राज्यों के बीच आपसी संपर्क और सहयोग को और सुदृढ़ बनाएगी।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

Our Visitor

4 2 9 6 6 7
Total Users : 429667
Total views : 685101

शहर चुनें