July 13, 2026 2:31 am

July 13, 2026 2:31 am

पंचकूला पुलिस में बड़ा फेरबदल: पुलिस कमिश्नर और डीसीपी बदले, हरियाणा सरकार ने जारी किए तबादला आदेश

चंडीगढ़, 10 जुलाई। हरियाणा सरकार के गृह विभाग ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादलों और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इस फेरबदल के तहत पंचकूला पुलिस कमिश्नर (सीपी) और पंचकूला की डीसीपी दोनों को बदल दिया गया है।
सरकार के आदेशों के अनुसार आईपीएस अधिकारी पंकज नैन (बैच-2007) को पंचकूला का नया पुलिस आयुक्त (Commissioner of Police) नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय में स्पेशल ऑफिसर (कम्युनिटी पुलिसिंग एवं आउटरीच) के साथ-साथ आईजीपी/सिक्योरिटी, सीआईडी (मुख्यालय) और आईजीपी अंबाला रेंज का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। उन्हें वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त पंचकूला पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


वहीं, आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह (बैच-2021) को पंचकूला का नया डीसीपी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह एसपी, स्टेट विजिलेंस ब्यूरो एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (SVB & ACB) में तैनात थीं।
सरकार ने वर्तमान डीसीपी पंचकूला श्रीष्टि गुप्ता (बैच-2021) का भी तबादला कर दिया है। उन्हें अब एआईजी (वेलफेयर), पुलिस मुख्यालय तथा एसपी, एचएसएनसीबी (हरियाणा) की जिम्मेदारी दी गई है। आदेशों में कहा गया है कि वह इन दोनों पदों पर कार्यभार संभालेंगी।
इसके अलावा आदेशों में कई अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। डीजीपी स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो अर्शिंदर सिंह चावला को महानिदेशक, जेल, हरियाणा का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। कला रामचंद्रन को एफएसएल मधुबन का अतिरिक्त प्रभार, जबकि नाजनीन भसीन, लोकेन्द्र सिंह, उपासना और वरुण सिंगला को एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) से संबंधित नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) सुधीर राजपाल द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। माना जा रहा है कि यह प्रशासनिक फेरबदल पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की दिशा में किया गया है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 6 1 4
Total Users : 366614
Total views : 600273

शहर चुनें