July 14, 2026 5:23 pm

July 14, 2026 5:23 pm

चंडीगढ़ में रजिस्ट्री के स्टांप के लिए लोगों को घंटों इंतजार, बैंक की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सेक्टर-17 स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद तक स्टांप नहीं मिलने से लोगों में रोष
रमेश गोयत
चंडीगढ़,14 जुलाई। शहर में मकान और फ्लैट की रजिस्ट्री कराने आए लोगों को मंगलवार को स्टांप लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। सेक्टर-17 स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में सुबह 10 बजे से पहुंचे कई लोग दोपहर बाद तक स्टांप मिलने का इंतजार करते रहे। इससे बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर ग्राहकों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
रजिस्ट्री करवाने पहुंचे सत्यदीप नैन, वीरेंद्र सिंह, विपन कुमार, राम सिंह और गुरपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने सोमवार को ही आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से स्टांप शुल्क की राशि जमा करवा दी थी। इसके बावजूद मंगलवार को दोपहर करीब 3 बजे तक भी उन्हें स्टांप जारी नहीं किए गए।
पीड़ितों का आरोप है कि बैंक कर्मचारी बार-बार कंप्यूटर खराब होने का हवाला देकर उन्हें इंतजार करने के लिए कहते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि रजिस्ट्री जैसी समयबद्ध प्रक्रिया में देरी होने से लोगों का पूरा दिन खराब हो गया और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

मैनेजर के अवकाश पर होने से नहीं मिला समाधान
ग्राहकों ने बताया कि उन्होंने बैंक की मैनेजर मणि मित्तल अथवा एजीएम से बात करने का प्रयास किया, लेकिन बैंक कर्मचारियों ने जानकारी दी कि मैनेजर सुबह से ही अवकाश पर हैं और बैंक नहीं आई हैं। ऐसे में मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा भी कोई संतोषजनक समाधान नहीं दिया गया।
लोगों का कहना है कि यदि किसी तकनीकी समस्या के कारण सेवा प्रभावित हो रही थी तो उसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी, ताकि रजिस्ट्री कराने आए लोगों को पूरे दिन बैंक में बैठकर इंतजार न करना पड़े।

जिला उपायुक्त से बैंक बदलने की मांग
बैंक की सेवाओं से नाराज लोगों ने जिला उपायुक्त (डीसी) से मांग की है कि रजिस्ट्री के लिए स्टांप उपलब्ध कराने की व्यवस्था किसी ऐसे बैंक के माध्यम से कराई जाए, जहां लोगों को समय पर सेवा मिल सके।
पीड़ितों का कहना है कि रजिस्ट्री से जुड़े कार्य पहले ही समयबद्ध होते हैं। ऐसे में स्टांप जारी करने में घंटों की देरी से न केवल आम नागरिकों का समय बर्बाद होता है, बल्कि रजिस्ट्री प्रक्रिया भी प्रभावित होती है। उन्होंने प्रशासन से बैंक की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 6 9 4 0 3
Total Users : 369403
Total views : 604051

शहर चुनें