जींद से हरियाणा और देश को मिली बड़ी विकास सौगात
रमेश गोयत
जींद, 17 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जींद और हरियाणा ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है और यह दिन भारत में स्वच्छ परिवहन के नए युग की शुरुआत का प्रतीक बनेगा।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, मेक इन इंडिया की बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद-सोनीपत के बीच शुरू हुई 90 किलोमीटर लंबी हाइड्रोजन ट्रेन सेवा भारत को दुनिया के उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में खड़ा करती है, जहां इस अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग हो रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत की हाइड्रोजन ट्रेन 10 कोच और 3,200 हॉर्सपावर क्षमता के साथ दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल है। यह पूरी तरह धुआं और प्रदूषण मुक्त है तथा इसका डिजाइन और निर्माण भारतीय इंजीनियरों एवं कंपनियों ने किया है। प्रधानमंत्री ने इसे ‘मेक इन इंडिया’ की बड़ी सफलता बताया।

रेल, सड़क और स्वास्थ्य क्षेत्र को मिली नई गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में रेल, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है। उन्होंने भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा मेडिकल कॉलेज, नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुलाराम अस्पताल राष्ट्र को समर्पित किए।
इसके अलावा दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग और अंबाला-काला अंब फोरलेन परियोजना सहित कई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।

रेलवे के आधुनिकीकरण पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश का केवल लगभग 30 प्रतिशत रेलवे नेटवर्क विद्युतीकृत था, जबकि अब करीब 99 प्रतिशत रेलवे नेटवर्क और हरियाणा का 100 प्रतिशत रेल नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वैश्विक तेल संकट के बावजूद भारतीय रेलवे का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
युवाओं के लिए रोजगार और खेलों पर विशेष फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना के साथ नए उद्योग और आधारभूत ढांचे का विकास होगा, जिससे हरियाणा के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नई राष्ट्रीय खेल नीति और खेलो भारत नीति लागू की है। खेलो इंडिया और टॉप्स (TOPS) जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को पहले से कहीं अधिक सुविधाएं दी जा रही हैं। भारत वर्ष 2030 राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी भी कर रहा है।
किसानों को मिली बड़ी सहायता
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हरियाणा के किसानों को अब तक लगभग 8,000 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। इनमें से जींद जिले के किसानों के खातों में 600 करोड़ रुपये से अधिक सीधे हस्तांतरित किए गए हैं।
कुरुक्षेत्र में बनेगा सिख संग्रहालय
प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र में नए सिख संग्रहालय की आधारशिला रखने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय गुरु परंपरा और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
हरियाणा के विकास की सराहना
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य कृषि और उद्योग, दोनों क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये नई परियोजनाएं हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी और विकसित भारत के लक्ष्य को गति देंगी।












Total Users : 375272
Total views : 612100