September 1, 2026 10:55 am

September 1, 2026 10:55 am

सदन में प्रदेश के विकास पर चर्चा होनी चाहिए, न कि नारेबाजी – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि यह सदन प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा के लिए है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा उठाए गए विषय पर जवाब देते हुए कहा कि हुड्डा इस सदन के बहुत वरिष्ठ एवं सम्मानित सदस्य हैं और हम उनसे सीखते भी हैं, हालांकि हम उस रास्ते पर नहीं चलते, जो ये सिखाते हैं। हमारा रास्ता अलग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे श्री हुड्डा का पूरा सम्मान करते हैं। उनके द्वारा कही गई बात की पूरी कार्यवाही और संदर्भ को देखा जा सकता है। उनका किसी का अपमान करने का कोई आशय नहीं था।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष के सदस्य बार-बार खड़े होकर इस महान सदन के भीतर नारे लगा रहे थे, जबकि यहां हरियाणा प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सदस्यों से चैंबर में आकर वीडियो देखने के लिए कहे जाने के बावजूद सदन में फिर वही नारे लगाए गए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सदस्यों द्वारा लगातार यह नारे लगाए जा रहे थे कि “इनकी तरफ से गुंडागर्दी की जा रही है।” इसी संदर्भ में उन्होंने केवल इतना कहा था कि “गुंडागर्दी हमारी तरफ से नहीं चल रही है, आपकी तरफ से चल रही है।” उन्होंने केवल यही शब्द कहे थे और इसमें कोई असंसदीय बात नहीं है।
————-
खिलाड़ियों की मेहनत और सरकार की खेल नीति के सकारात्मक परिणाम आज दुनिया के सामने – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना सरकार का संकल्प – मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 31 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 से राज्य सरकार ने खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। पिछले 12 वर्षों में इस दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम आज सामने आ रहे हैं। हरियाणा के खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत रहे हैं और प्रदेश व देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री सोमवार को हरियाणा विधानसभा में प्रश्न काल के दौरान विधायक देवेंद्र हंस द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के संबंध में सदन में बोल रहे थे।

नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी खिलाड़ियों के परिश्रम और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आज खिलाड़ियों द्वारा जीते जा रहे पदक उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ राज्य सरकार की खेल नीति और उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का भी परिणाम हैं। सरकार का स्पष्ट संकल्प खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को और सुदृढ़ करना तथा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में चुनकर आए नए विधायकों को शायद इस बात की जानकारी नहीं है कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में खिलाड़ियों के लिए क्या किया जाता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के हित में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। सरकार ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए हैं तथा भविष्य में भी खिलाड़ियों के हित में इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।

मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में दिवंगतो के प्रति शोक व्यक्त किया

चंडीगढ़ 31 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानसून सत्र के दूसरे  दिन विधान सभा में विधायक हरिंद्र सिंह की माता और डॉ. कृष्ण कुमार की सास श्रीमती गिर्राजो देवी के 31 अगस्त, 2026 को हुए दुःखद निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और  दिवंगत के परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की ।

मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ के गांव मोहनपुर के शहीद नायब सूबेदार भूपेंद्र सिंह के 27 अगस्त, 2026 को हुए निधन तथा भिवानी जिला के गांव नांगल के सिपाही सोनू कुमार  के 28 अगस्त, 2026 को हुई शहादत पर भी शत-शत नमन करते हुए शोक-संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति  हार्दिक संवेदना प्रकट की।

सदन में हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष हरविन्द्र सिंह कल्याण, विपक्ष के नेता चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा और आदित्य देवीलाल ने भी दिवंगतों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। सदन में दिवंगत आत्माओं के प्रति दो मिनट का मौन धारण कर संवेदना व्यक्त की गई।

*******
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि

चंडीगढ़, 31 अगस्त – हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने सोमवार को यहां लोक भवन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न श्री प्रणब मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रो. असीम कुमार घोष ने राष्ट्र के लिए उनके असाधारण योगदान और उनके विशिष्ट सार्वजनिक जीवन को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि श्री प्रणब मुखर्जी एक प्रख्यात राजनेता थे जिन्होंने भारत के लोकतांत्रिक एवं संसदीय संस्थानों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राज्यपाल ने कहा कि जनसेवा, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति प्रणब मुखर्जी की प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी और भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

प्रो. असीम कुमार घोष ने पूर्व राष्ट्रपति की पुण्यतिथि पर उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

**********
चंडीगढ़, 31 अगस्त- हरियाणा के शिक्षा मंत्री  महीपाल ढांडा ने कहा कि जिला करनाल के तरावडी स्थित गुरु तेग बहादुर महिला महाविद्यालय का निर्माण कार्य की तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2015 में घोषणा की थी, जिसके अनुसार वर्ष 2018 में इसका निर्माण कार्य प्रारम्भ किया गया था। निर्माण एजेंसी (लोक निर्माण विभाग, भवन एवं सड़कें, हरियाणा) से प्राप्त नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार महाविद्यालय का 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त, मुकदमेबाजी संबंधी मामलों के कारण परियोजना का कार्य रुक गया था तथा निर्माण एजेंसी द्वारा 5 जुलाई 2023 को कार्य समाप्त कर दिया गया था।

विभाग द्वारा इस कार्य के लिए 3 अगस्त 2026 को 22371.35 लाख रुपये की पुनः संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही जारी की जा चुकी है। दो महीने में काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो अधिकारी काम में लापरवाही करते हुए पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।

**********
चंडीगढ़, 31 अगस्त- हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि सरकार द्वारा नियमों के अनुसार बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले गांवों के पात्र किसानों को खरीफ फसल वर्ष 2023 के नुकसान के लिए 25.49 करोड़ रुपये का तथा वर्ष 2024 के दौरान 2.65 करोड़ रुपये किसानों के बैंक खातों में सीधे तौर मुआवजा दिया जा चुका है।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्विपुल गोयल ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान प्रश्नकाल में बाढड़ा के विधायक उमेद सिंह द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।

**********
यूएचबीवीएनएल द्वारा लोहे के पोल अर्थात् ट्यूबलर पोल और चैनल पोल अपने खर्च पर पीसीसी पोल के साथ बदले जायेंगें- ऊर्जा मंत्री अनिल विज
पेहोवा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में लोहे के 91 बिजली पोल जनवरी 2027 तक पीसीसी पोल से बदले जाएंगे: ऊर्जा मंत्री अनिल विज
चण्डीगढ, 31 अगस्त- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि सभी लोहे के पोल अर्थात् ट्यूबलर पोल और चैनल पोल, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएनएल) द्वारा अपने खर्च पर पीसीसी  पोल के साथ बदले जायेंगें। हालाँकि, निगम के निर्देशों के अनुसार, रेल पोलों को निगम के खर्च पर नहीं बदला जाता है।
श्री विज आज यहां चण्डीगढ में हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान लगाए गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, पेहोवा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के गुलदेहरा तथा ठसका मीरांजी गांवों के अंदर कोई एचटी/एलटी लोहे के पोल नहीं लगे हुए हैं। हालाँकि, इन गांवों के बाहरी क्षेत्र में 11 केवी कृषि फीडरों पर 107 लोहे के पोलों की पहचान की गई है, जिनमें से 16 रेल पोल हैं। इसके साथ ही, वर्ष 2014 से अब तक इन गांवों में लोहे के पोल से करंट लगने के कारण किसी भी जनहानि की कोई घटना रिपोर्ट नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि शेष 91 लोहे के पोलों को निगम द्वारा जनवरी, 2027 तक पीसीसी पोलों से बदल दिया जाएगा।

**********

आदमपुर-नलवा में नहरों के लिए तय रोटेशन के अनुसार मिल रहा है सिंचाई का पानी : श्रुति चौधरी
चंडीगढ़, 31 अगस्त – हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने  बताया कि आदमपुर व नलवा विधानसभा क्षेत्रों में नहरों से पिछले दो वर्षों के दौरान निर्धारित रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार सिंचाई के जल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
चौधरी आज हरियाणा विधानसभा के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।
सिंचाई मंत्री ने बताया कि आदमपुर और नलवा विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 48 नहरें/चैनल आते हैं। इनमें से बसरा सब माइनर नंबर-II, जिसके पुनरुद्धार को सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है उसे छोड़कर शेष 47 चैनलों के अंतिम छोर तक स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित जल आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नलवा क्षेत्र में आने वाले 17 चैनल व दोनों विधानसभा क्षेत्रों में साझा 4 चैनल स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के अनुसार 8 दिन चलने के बाद 16 दिन की नहर-बंदी के आधार पर संचालित किए जा रहे हैं। जबकि आदमपुर क्षेत्र में 27 चैनल पानी की उपलब्धता के आधार पर 2/3 ग्रुप प्रणाली के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं। इस व्यवस्था में चैनलों को 16/8 दिन चलने के बाद 16 दिन की नहर-बंदी की अवधि के साथ संचालित किया जाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा उपलब्ध जल संसाधनों के अनुसार स्वीकृत रोटेशन कार्यक्रम के माध्यम से नहरों के अंतिम छोर तक निर्धारित जल आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

**********

चंडीगढ़ , 31 अगस्त – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि असंध विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 100-बैड वाले नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य 10 फरवरी 2028 तक पूरा होने की संभावना है।
स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।
आरती सिंह राव ने बताया कि उपरोक्त अस्पताल के निर्माण कार्य में देरी इसलिए हुई क्योंकि जिस स्थान पर नए भवन का निर्माण किया जाना था, वहां पहले से अस्पताल चल रहा था, उस अस्पताल को बाद में खाली करके स्थानांतरित कर दिया गया।
उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के अनुसार एनसीआर  क्षेत्र में ग्रेडिड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) III और IV प्रतिबंधों के कारण भी निर्माण गतिविधियों पर रोक थी। इसी कारण निर्माण गतिविधियां नवंबर 2025 में शुरु हुई। वर्तमान में कार्य प्रगति पर है और 15% कार्य पूरा हो चुका है। इस अस्पताल का निर्माण कार्य के 10 फरवरी 2028 तक पूरा होने की संभावना है।

**********

चंडीगढ़ , 31 अगस्त – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि रेवाड़ी के माजरा में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) में मौजूदा शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए 50 एमबीबीएस सीटों पर एडमिशन की मंजूरी मिल गई है।

स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।

आरती सिंह राव ने बताया कि हरियाणा में केंद्र सरकार के एम्स  से जुड़े दो प्रमुख संस्थान  झज्जर के बाढसा में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट और रेवाड़ी के माजरा में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज हैं।

झज्जर के बाढसा में स्थित नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट एम्स नई दिल्ली का दूसरा कैंपस है। यह कैंसर के इलाज के लिए समर्पित एक टर्शियरी-केयर (विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा) संस्थान है। यह कैंसर के इलाज, रोकथाम, शुरुआती पहचान, रिसर्च और मानव संसाधन विकास के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में काम करता है।

इसके अलावा, रेवाड़ी के माजरा में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) को प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत देश के 22वें एम्स के तौर पर एक मेडिकल कॉलेज और ‘राष्ट्रीय महत्व के संस्थान’ के रूप में स्थापित किया जा रहा है। भारत सरकार ने मौजूदा शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए इस संस्थान में 50 एमबीबीएस विद्यार्थियों के एडमिशन की मंजूरी दे दी है।

**********
चंडीगढ़ , 31 अगस्त – हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया प्रदेश में इस वर्ष अभी तक लम्पी रोग का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। गौवंश को लम्पी रोग से बचाव के लिए 25 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक टीकाकरण का अभियान भी चलाया गया है।

पशुपालन एवं डेयरी मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

राणा ने आगे बताया राज्य में कुरुक्षेत्र, पंचकूला, रेवाड़ी और यमुनानगर जिलों में  चिकित्सकीय रूप से कुल 1356 संदिग्ध मामले रिपोर्ट हुए हैं। रोग की जांच एवं पुष्टि के लिए जिला भिवानी, हिसार, झज्जर, कुरुक्षेत्र, पंचकुला, रेवाड़ी, रोहतक तथा सिरसा से पशुओं से 99 नैदानिक नमूने लेकर लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार (लुवास) भेजे गए हैं। लुवास में लम्पी रोग के लिए जांच किए गए दो नमूने नकारात्मक पाए गए हैं। इस प्रकार प्रदेश में इस वर्ष में अभी तक लम्पी रोग का कोई पुष्ट मामला नहीं है।

उन्होंने आगे बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा इस वर्ष के दौरान लम्पी रोग से बचाव के लिए 25 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक राज्य की संपूर्ण पात्र गोवंशीय आबादी (4 माह से अधिक आयु के स्वस्थ गोवंशीय पशु) को गोट पॉक्स वैक्सीन (GPV, उत्तरकाशी स्ट्रेन) से टीकाकरण का अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा संदिग्ध पशुओं को लक्षणात्मक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है तथा किसानों को रोग की रोकथाम संबंधी उपायों के बारे में आवश्यक परामर्श भी दिया जा रहा है।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि इस वर्ष अब तक राज्य में 14,61,922 गौवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है जिनमें से 1,14,655 पशुओं का गौशालाओं में टीकाकरण किया गया है।

**********
चंडीगढ़, 31 अगस्त- हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि चीका में खेल स्टेडियम के निर्माण का शेष लंबित कार्य 31 नवम्बर,2026 तक पूरा होने की संभावना है।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान प्रश्नकाल में गुहला के विधायक श्री देवेन्द्र हंस द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।

विपुल गोयल ने सदन को इस बात से भी अवगत करवाया कि चीका में खेल स्टेडियम के निर्माण कार्य में देरी के लिए एजेंसी मैसर्स बी.एस. कंस्ट्रक्शन कंपनी को 08 नोटिस जारी किए गए हैं। एजेंसी पर 08.08.2025 के माध्यम से ₹4,50,315/-का जुर्माना भी लगाया गया है। चूंकि, एजेंसी निर्धारित अवधि के भीतर कार्य पूरा नही कर पाई, एजेंसी को अब तक ₹9.06 करोड़ की अनुबंधित राशि के विरुद्ध केवल ₹3.78 करोड़ का भुगतान किया गया है। उन्होंने सदन को यह भी बताया कि खेल स्टेडियम का 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

**********
बहालगढ़ में पेयजल व सीवरेज सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए महाग्राम योजना की तर्ज पर प्रस्ताव : रणबीर गंगवा

बहालगढ़ में पेयजल आपूर्ति एवं अपशिष्ट जल निस्तारण के कार्य 3 वर्ष के भीतर पूरे होने की संभावना

चंडीगढ़, 31 अगस्त। हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्राम बहालगढ़ में पेयजल आपूर्ति एवं अपशिष्ट जल निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। विधानसभा सत्र के दौरान विधायक श्रीमती कृष्णा गहलावत द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत ग्राम बहालगढ़ में पेयजल आपूर्ति एवं अपशिष्ट जल निस्तारण संबंधी कार्य 3 वर्ष के भीतर पूरे किए जाने की संभावना है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

4 0 2 3 5 8
Total Users : 402358
Total views : 648652

शहर चुनें