October 11, 2026 8:53 am

October 11, 2026 8:53 am

हरियाणा कांग्रेस 28 सितंबर को सभी जिलों में निकालेगी ‘वोट चोरी’ विरोध मार्च, कैथल में सुरजेवाला संभालेंगे मोर्चा

बाबूगिरी हिंदी न्यूज
चंडीगढ़, 27 सितंबर 2026: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 28 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में ‘वोट चोरी’ विरोध मार्च निकालने का फैसला किया है। कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग के साथ उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों तथा मतदाता सूची से जुड़े बदलावों की व्यापक समीक्षा की मांग उठाई है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला स्तर पर होने वाले इन विरोध मार्चों की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है। पार्टी ने संबंधित संगठनात्मक इकाइयों को कार्यक्रम में समुचित समन्वय और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कैथल में सुरजेवाला संभालेंगे मोर्चा

कांग्रेस द्वारा जारी सूची के अनुसार कैथल जिले में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला विरोध मार्च का नेतृत्व करेंगे। वहीं पंचकूला में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य जिलों में भी वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सूची के मुताबिक पलवल में संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह, गुरुग्राम में भी संजय दत्त व राव नरेंद्र सिंह, रोहतक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अंबाला में दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पानीपत में धर्मपाल मलिक, महेंद्रगढ़ में अशोक तंवर और सोनीपत में चौधरी उदयभान मार्च का नेतृत्व करेंगे।
फरीदाबाद में सांसद जय प्रकाश, यमुनानगर में सांसद वरुण चौधरी, जींद में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, रेवाड़ी में एआईसीसी सचिव जितेंद्र बघेल और झज्जर में विधायक रघुवीर सिंह कादियान को जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह कुरुक्षेत्र में विधायक अशोक अरोड़ा, चरखी दादरी में विधायक गीता भुक्कल, नूंह में विधायक आफताब अहमद, सिरसा में विधायक भारत सिंह बेनीवाल, फतेहाबाद में विधायक बलवान सिंह, हिसार में विधायक चंदर प्रकाश, करनाल में पूर्व विधायक राव दान सिंह और भिवानी में पूर्व विधायक डॉ. शिव शंकर भारद्वाज को विरोध मार्च की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

25 सितंबर को भी हुआ था प्रदर्शन
कांग्रेस ने इससे पहले 25 सितंबर को राज्य निर्वाचन कार्यालयों की ओर विरोध मार्च आयोजित किए थे। चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पार्टी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त सहित कई नेता मौजूद रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोरी’ के नारे लगाए थे।

राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ने 28 सितंबर को जिला कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से जिला कलेक्टर कार्यालयों तक विरोध मार्च निकालने का कार्यक्रम घोषित किया है। पार्टी का कहना है कि इन प्रदर्शनों के जरिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे, गिरफ्तारी और उनके कार्यकाल में लिए गए चुनाव संबंधी फैसलों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग उठाई जाएगी।

वहीं, चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया पर उठाए जा रहे विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि आयोग के तीनों सदस्यों के बीच विचार-विमर्श संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा है तथा उसके आदेश वैधानिक प्रक्रिया के तहत जारी किए जाते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 7 1
Total Users : 428271
Total views : 683205

शहर चुनें