देशभर के मेयर जुटेंगे, सशक्त नगर और विकसित भारत को लेकर होगा मंथन
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 4 अक्टूबर। चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने रविवार को यूटी स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 5 और 6 अक्टूबर को चंडीगढ़ में होने वाले 118वें राष्ट्रीय कार्यकारिणी सम्मेलन की जानकारी दी। अखिल भारतीय मेयर्स काउंसिल की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के विभिन्न शहरों के मेयर हिस्सा लेंगे। सम्मेलन की थीम “सशक्त नगर • विकसित भारत” रखी गई है। इस दौरान अखिल भारतीय मेयर्स काउंसिल के सचिव मनोज कुमार भी मौजूद रहे।
मेयर सौरभ जोशी ने बताया कि यह सम्मेलन देश के शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने-अपने शहरों में किए जा रहे सफल कार्यों और योजनाओं को साझा करेंगे। इसके साथ ही शहरी प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए नए और प्रभावी उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया करेंगे। सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों के मेयर शहरी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
शहरी विकास, स्वच्छता और जल प्रबंधन पर रहेगा जोर
सम्मेलन में नियोजित शहरी विकास, स्वच्छता, हरित क्षेत्रों के विस्तार, जल प्रबंधन, डिजिटल प्रशासन और नागरिक केंद्रित सेवाओं जैसे विषय प्रमुख रूप से चर्चा में रहेंगे। इसके अलावा जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, तकनीक आधारित प्रशासन, कचरे को संसाधन में बदलने की पहल तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
मेयर ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के दौर में शहरों को स्वच्छ, हरित, स्मार्ट और आत्मनिर्भर बनाने के लिए शहरी स्थानीय निकायों को और अधिक मजबूत करना जरूरी है। सम्मेलन में इस दिशा में अपनाई जा रही विभिन्न राज्यों और शहरों की सफल पहलों को साझा किया जाएगा।
देशभर के शहरों की सफल पहलें होंगी साझा
सौरभ जोशी ने कहा कि चंडीगढ़ अपने नियोजित शहरी विकास, स्वच्छता व्यवस्था, हरित क्षेत्रों, जल प्रबंधन और डिजिटल प्रशासन से जुड़ी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को सम्मेलन में प्रस्तुत करेगा। साथ ही देश के अन्य शहरों में लागू की जा रही नई और सफल पहलों से चंडीगढ़ भी सीख लेगा।
सम्मेलन में निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, शहरी स्थानीय निकायों को अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उपायों पर भी मंथन किया जाएगा।
विकसित भारत के लक्ष्य में शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि मजबूत शहर ही मजबूत देश की आधारशिला हैं। शहरी स्थानीय निकायों को प्रभावी, जवाबदेह और नागरिकों के प्रति संवेदनशील बनाकर ही स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर शहरों का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि 118वां अखिल भारतीय मेयर सम्मेलन विचारों के सार्थक आदान-प्रदान का मंच बनेगा और सम्मेलन में होने वाली चर्चाओं से ऐसे व्यावहारिक सुझाव सामने आएंगे, जो देश के शहरों को और अधिक सशक्त बनाने में मदद करेंगे तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।












Total Users : 428232
Total views : 683157