October 11, 2026 8:13 am

October 11, 2026 8:13 am

सिंगापुर के निवेशकों को हरियाणा में निवेश का न्योता

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा औद्योगिक विकास और निवेश के लिए हरियाणा में अपार संभावनाएं
 
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 04 अक्टूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को अपने सिंगापुर दौरे के दौरान सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा सिंगापुर में भारत के राजदूत डॉ. शिल्पक अंबुले भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सिंगापुर के विशिष्ट उद्योगपतियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस उच्चस्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और सिंगापुर के बीच पारस्परिक सहयोग एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना तथा दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना था।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को हरियाणा में निवेश के अवसरों से कराया अवगत

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में हरियाणा की निवेश अनुकूल नीतियों, औद्योगिक क्षमता, अवसंरचनात्मक विकास तथा निवेशकों को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे हरियाणा में निवेश के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी अपने राज्य में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया।

सिंगापुर में भारत के राजदूत डॉ. शिल्पक अंबुले ने दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।

 भारत-सिंगापुर आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने पर जोर

यह कार्यक्रम आर्थिक कूटनीति के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा, जिसमें भारत के दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति रही। इस दौरान सिंगापुर के व्यापारिक समुदाय के साथ भारत और सिंगापुर के बीच व्यापार एवं निवेश सहयोग को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के संवाद से द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा मिलेगी तथा दोनों देशों के बीच निवेश, व्यापार और तकनीकी सहयोग के नए अवसर विकसित होंगे।

इस कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक विनय प्रताप सिंह, एचएसआईआईडीसी के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध यादव, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) के चेयरमैन मार्क ली तथा  सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF)सदस्य प्रसून मुखर्जी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गुरुग्राम को मिलेगी ग्लोबल पहचान, 25 एकड़ में विकसित होगा विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर: मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कन्वेंशन सेंटर, तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग का होगा अद्भुत संगम
 
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर की सनटेक सिटी का किया अवलोकन

चंडीगढ़, 4 अक्टूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान गुरुग्राम में 25 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जाने वाले प्रस्तावित विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर से संबंधित व्यवस्थाओं और सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर स्थित प्रसिद्ध सनटेक सिटी में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने वहां संचालित कन्वेंशन सेंटर की सुविधाओं, निर्माण की तकनीक, आधुनिक इंजीनियरिंग तथा संचालन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे के दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक श्री विनय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा सिंगापुर की सनटेक सिटी की तर्ज पर गुरुग्राम में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। सिंगापुर की सनटेक सिटी में विकसित कन्वेंशन सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण इस परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ व्यवस्थाओं को समझने की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। गुरुग्राम में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर को अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग से लैस किया जाएगा, ताकि यहां बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, व्यापारिक बैठकें, प्रदर्शनियां और वैश्विक स्तर के अन्य आयोजन आयोजित किए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी तथा राज्य में निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसका सकारात्मक प्रभाव हरियाणा की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ मानेसर में विकसित होगा बड़ा और सुंदर पार्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार मानेसर में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के साथ-साथ एक बड़े और सुंदर पार्क का भी निर्माण करेगी। इससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ हरित एवं खुला वातावरण उपलब्ध होगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर के ‘गार्डन्स बाय द बे’ में पर्यावरण संरक्षण, विभिन्न पौधों की प्रजातियों के संरक्षण तथा जल प्रबंधन की उन्नत तकनीकों से संबंधित व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने गार्डन में मौजूद पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं, विशेषकर जल आपूर्ति और संरक्षण संबंधी उपायों को करीब से देखा और उनकी जानकारी ली।

‘गार्डन्स बाय द बे’ में मौजूद भारतीय व विदेशी पर्यटकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके साथ फोटो खिंचवाई। कई परिवारों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली। मुख्यमंत्री ने विदेशी पर्यटकों से भी सहज और आत्मीय भाव से मुलाकात की तथा उनसे बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरी नियोजन, कन्वेंशन सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ प्रथाओं को समझने की दृष्टि से सिंगापुर के कनवेंशन सेंटर का दौरा बहुत महत्वपूर्ण रहा। इन अनुभवों को हरियाणा में लागू कर राज्य को और अधिक विकसित, आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 4 4
Total Users : 428244
Total views : 683170

शहर चुनें